वीरेंद्र सर्वसम्मति से बने सुजानपुर मंडल के भाजपा अध्यक्ष, पांव छूकर लिया धूमल से आशीर्वाद

हमीरपुर(द स्टैलर न्यूज़),रिपोर्ट: रजनीश शर्मा। मीरपुर जिला के सुजानपुर भाजपा मंडल के अध्यक्ष पद पर वीरेंद्र ठाकुर का चुनाव सर्वसम्मति से कर लिया गया है। वीरेंद्र ठाकुर पुराने बमसन के वक्त से ही पार्टी के ईमानदार, मेहनती एवं सशक्त कार्यकर्ता के रूप में क्षेत्र में अपनी पहचान रखते हैं। इससे पहले वह युवा मोर्चा के साथ-साथ पार्टी में विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके हैं।

Advertisements

मंगलवार को टौणी देवी मंदिर परिसर में चुनाव प्रभारी यशपाल ठाकुर ने वीरेंद्र ठाकुर के मंडल अध्यक्ष सर्वसम्मति से चुने जाने की घोषणा की। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल विशेष रूप से मौजूद रहे। ग़ुब्बर के नज़दीक भेरड़ा गाँव से सम्बंध रखने वाले वीरेंद्र ठाकुर ने मंडल अध्यक्ष चुने जाने के बाद पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल के पाँव छूकर आशीर्वाद लिया।

आपको बता दें कि भाजपा के संगठनात्मक चुनावों में सुजानपुर विस क्षेत्र के मंडल अध्यक्ष की नियुक्ति के लिए मंगलवार को सुजानपुर के सभी बूथ अध्यक्षों के साथ मीटिंग रखी गई थी। चुनाव प्रभारी यशपाल ठाकुर और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने भी विशेष तौर से भाग लिया। सुजानपुर क्षेत्र के सभी बुथ अध्यक्षों की सहमति वीरेंद्र ठाकुर पर दिखी। चुनाव प्रक्रिया के दौरान सभी बूथ अध्यक्षों की एक स्वर में मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र ठाकुर को मंडल अध्यक्ष बनाए जाने के लिए अपनी सहमति जताई। चुनाव प्रभारी यशपाल ठाकुर ने सर्वसम्मति से वीरेंद्र ठाकुर को मंडल अध्यक्ष के लिए नामित करने की घोषणा कर दी।

वीरेंद्र ठाकुर की कार्यशैली पर भरोसा: धूमल

इस मौक़े पर प्रेम कुमार धूमल ने भी सभा में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होने व सर्वसम्मति से सुजानपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष चुनने पर बधाई दी उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों के लिए सभी लोग इसी प्रकार मिलजुल कर कार्य करें और भारतीय जनता पार्टी को और मजबूत बनाएं। धूमल ने पूर्व मंडल सदस्यों और अध्यक्ष कैप्टन रंजीत सिंह का भी धन्यवाद किया और कहा कि पिछले लोकसभा चुनावों में भाजपा मंडल की दिन रात की मेहनत की वजह से लोकसभा चुनाव में सांसद अनुराग ठाकुर को भारी लीड मिली।

पूर्व सीएम धूमल ने कहा कि वह वीरेंद्र ठाकुर की कार्यशैली पर भरोसा करते है। धूमल ने कहा कि आने वाले समय में वीरेंद्र ठाकुर संगठन को और भी सक्षम और सशक्त बनाएंगे। कार्यक्रम में निवर्तमान मंडल अध्यक्ष कैप्टन रंजीत सिंह, जिला परिषद चेयरमैन राकेश ठाकुर, महामंत्री अनिल शामा, पवन शर्मा मीडिया प्रभारी, विनोद ठाकुर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, वीरेंद्र ठाकुर, सुमन चौहान, अंकुश गुप्ता, प्यार चंद, प्रकाश सडियाल, सुनील ठाकुर व भाजपा के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here