अनुराग ने रेल का सर्वे नहीं बल्कि रेल पहुँचाने का किया था वादा: प्रेम कौशल

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़),रिपोर्ट: रजनीश शर्मा। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग ठाकुर ने हमीरपुर तक रेल पहुँचाने का वादा किया था न कि रेल का सर्वे करवाने का वादा किया था। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता प्रेम कौशल ने यह बात हमीरपुर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने दृष्टि पत्र को पाँच साल पुरानी चाय की तरह इस बार फिर से परोस दिया है। भाजपा ने कांग्रेस के घोषणा पत्र को पढ़े बिना आनन-फ़ानन में जो टिप्प्णियाँ की हैं वह ठीक नहीं हैं।

Advertisements

कांग्रेस एकजुटता से जीत के लिए लड़ेगी चुनाव

प्रेम कौशल ने कहा कि भाजपा के दृष्टि पत्र में देश के किसी भी वर्ग के लिए कोई चीज़ दृष्टिगोचर नहीं होती। उन्होंने भाजपा से पूछा कि राम मंदिर के मुद्दे पर कितनी बार चुनाव लड़ोगे। राम मंदिर के मुद्दे पर भाजपा अब फिसलती नजऱ आ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा छोटे दुकानदारों के धंधे बंद करने के बाद अब चुनाव में उतरने पर उन्हें पेंशन देने की बात कर रही है। भाजपा सरकार कर्मचारियों की पेंशन तो बहाल कर नहीं पाई तथा किसानों व दुकानदारों को पेंशन देने का नया जुमला छोड़ दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा किए जा रहे वादे अविश्वसनीय हैं जबकि कांग्रेस सत्ता में आने पर हर वादा पूरा करेगी।

प्रेम कौशल ने कहा कि केंद्रीय मंत्री गडकरी द्वारा प्रदेश में एन.एच. की घोषणाएँ भी कुल मिलाकर झूठ साबित हुईं। उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल को कांग्रेस पार्टी द्वारा हमीरपुर संसदीय क्षेत्र का जनरल हाउस हमीरपुर जिला में होगा जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी राम लाल ठाकुर, संसदीय क्षेत्र के विधायक, पूर्व विधायक, जिला व ब्लाक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष, प्रदेश कांग्रेस की सारी लीडरशिप, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल व सह प्रभारी गुरुकीरत सिंह शामिल होंगे। प्रेम कौशल ने कहा कि कांग्रेस एकजुटता से इस बार जीत के लिए पूरी तरह से आश्वस्त है। इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष नरेश ठाकुर, जिला महासचिव अजय शर्मा, राजेश चौधरी, विवेक कटोच सहित अन्य लोग मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here