बैंक में कैश जमा करवाने जा रहे मैकडॉनल्डस के कर्मी को गोली मार 5 लाख 71 हजार लूटे

होशियारपुर/दसूहा (द स्टैलर न्यूज़)। जिला होशियारपुर की तहसील दसूहा में जालंधर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर बैंक में रुपये जमा करवाने जा रहे एक कर्मचारी को गोली मारकर उससे 5 लाख 71 हजार रुपये की राशि लूटने का समाचार प्राप्त हुआ है। घायल अवस्था में कर्मी को नजदीकी अस्पताल भर्ती करवाया गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से जानकारी जुटाकर एवं घायल के बयानों के अलावा सी.सी.टी.वी. फुटेज खंगाल कर जांच शुरु कर दी थी।

Advertisements

जानकारी अनुसार दसूहा-पठानकोट मार्ग पर स्थित पूर्व विधायक सुखजीत कौर साही के मैकडॉनल्डस से सी.एम.सी. कंपनी का एक कर्मचारी सुखदीप सिंह जोकि बैंक में रुपये जमा करवाने जा रहा था को तीन अज्ञात लुटेरों ने गोली मार कर उसे गंभीर रुप से घायल कर दिया और उससे 5 लाख 71 हजार रुपये की राशि लूट कर फरार हो गए। हमला करने से पहले हमलावरों ने सुखदीप को पीछे से हिट किया और जब वह सडक़ पर गिर गया तो उस पर गोली चला दी व रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घायल अवस्था में सुखदीप को सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे प्राइवेट अस्पताल में रैफर कर दिया गया।

इस संबंधी मैकडॉनल्डस के मालिक डा. हरसिमरत सिंह साही का कहना है कि दसूहा इलाके में लूट की वारदातें तेजी से बढ़ रही हैं और ताजा मामले में उसके कर्मी के साथ लूट हुई है। पुलिस को चाहिए कि वे लूट की वारदातों पर अंकुश लगाए और लुटेरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करे।

प्राइवेट अस्पताल के डा. लवप्रीत सिंह का कहना है कि आप्रेशन के बाद सुखदीप की हालत में सुधार है।

डी.एस.पी. छज्जू राम शर्मा का कहना है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई है तथा अलग-अलग थ्यूरियों पर काम शुरु कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here