हमीरपुर से कांग्रेस ने राम लाल ठाकुर को घोषित किया प्रत्याशी

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़),रिपोर्ट: रजनीश शर्मा। छ: बार के स्टेट कबड्डी चैंपियन व श्री नयना देवी से विधायक राम लाल ठाकुर का टिकट हमीरपुर से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में फ़ाईनल हो गया है। राम लाल ठाकुर 1985, 1993, 1998, 2003 और 2017 में प्रदेश विधानसभा के लिए कांग्रेस विधायक के रूप में चुने गए। राम लाल ठाकुर का हमीरपुर सीट से यह चौथा लोकसभा चुनाव है जिसमें वह पहले दो लोकसभा चुनाव 1999 व 2004 के साथ 2007 में लोकसभा उपचुनाव हार चुके हैं।

Advertisements

कांग्रेस उम्मीदवार राम लाल ठाकुर का मुकाबला हमीरपुर संसदीय सीट पर लगातार तीन लोकसभा चुनाव जीत चुके भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर से होगा। हमीरपुर संसदीय हल्के में कई दिनों के मंथन के बाद आखीरकार पार्टी ने टिकट पर निर्णय ले लिया है। पार्टी हाईकमान ने अपने वरिष्ठ नेता एवं नयना देवी के विधायक रामलाल ठाकुर को हमीरपुर संसदीय हल्के से कांग्रेस प्रत्याशी घोषित कर दिया है। पार्टी के अध्यक्ष राहुल गांधी की अध्यक्षता में दिल्ली में हुई हाईकमान की बैठक में राम लाल ठाकुर के नाम पर अंतिम मुहर लगी है। उन्हें हाईकमान ने फोन के माध्यम से सूचित भी कर दिया है।

भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद सुरेश चंदेल को कांग्रेस में लाने की तमाम संभावनाओं पर अब पूरी तरह से विराम लग गया है। रामलाल ठाकुर के करीबी सूत्रों ने जानकारी दी। राम लाल ठाकुर का नाम फाईनल होने के बाद जिले में कांग्रेस नेताओं में उत्साह का माहौल है। रामलाल ठाकुर हाईकमान के बुलावे पर दिल्ली रवाना हो चुके हैं। उन्होंने दिल्ली जाने की पुष्टि करते हुए कहा कि वह पार्टी हाईकमान से मुलाकात के बाद आशीर्वाद लेकर जल्द ही लौटेंगे। हालांकि पार्टी हाईकमान ने अब तक आधिकारिक घोषणा नहीं की है। पिछले कई दिनों से पार्टी हाईकमान सुखविंदर सिंह सुक्खू, राम लाल ठाकुर, सुरेश चंदेल तथा राजेंद्र राणा के नाम पर मंथन कर रही थी। लेकिन शनिवार को उतराखंड में रैलियों के लिए निकलने से पहले राहुल गांधी ने रामलाल ठाकुर के नाम को मंजूरी दे दी है। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव राजेश धर्माणी ने कहा कि पार्टी प्रभारी रजनी पाटिल से भी इस बारे में बात हुई है। रामलाल ठाकुर का नाम फाइनल है व इसकी घोषणा कर दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here