हिमाचल : राठौर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नियुक्त

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़) रिपोर्ट: रजनीश शर्मा। लोकसभा चुनावों से पहले हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से सुखविंद्र सिंह सुक्खु को हटा दिया गया है। उनकी जगह कुलदीप राठौर की ताजपोशी की गयी है। कांग्रेस हाईकमान ने नयी नियुक्ति पर मोहर लगा दी है। इससे सुक्खु खेमे की हवाईयां उड़ गयी हैं जबकि वीरभद्र सिह खेमे में खुशी की लहर है। कुलदीप राठौर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य हैं व पूर्व में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रह चुके हैं। वह एनएसयूआई के प्रदेशाध्यक्ष भी रह चुके हैं। लोकसभा चुनावों से पहले हुए इस फेरबदल को वीरभद्र सिंह के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। काफी समय से कांग्रेस का एक खेमा सुक्खु को हटाए जाने की मांग हाईकमान से कर रहा था।
कुलदीप को वीरभद्र का सपोर्ट
हिमाचल पी.सी.सी. के पूर्व महासचिव कुलदीप सिंह राठौर को वीरभद्र सिंह का आशीर्वाद प्राप्त है। राठौर और सुखविंद्र सिंह सुक्खु के बीच अध्यक्ष पद को लेकर पहले भी खूब खींचतान चली हुई थी। दोनों ही कई बार पार्टी के केंद्रीय नेताओं से मुलाकात करते रहे। प्रदेश कांग्रेस का एक धड़ा सुक्खू को हटाने की मांग पर अड़ा हुआ था। इसी को देखते हुए कुलदीप सिंह राठौर ने हाल में तमाम फासलों को मिटाकर पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह से भी मुलाकात की थी। मुलाकात में वीरभद्र सिंह और नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्रिहोत्री दोनों कुलदीप सिंह राठौर को अध्यक्ष बनाने के लिए सहमत हुए थे।
दिल्ली दरबार में राठौर ही थे प्रमुख दावेदार
जानकारी के अनुसार कुलदीप सिंह राठौर ने दिल्ली में राज्यसभा सांसद आनंद शर्मा से मिलकर इस बारे लंबी चर्चा की। सुक्खू को भी आनंद शर्मा का करीबी माना जाता रहा है। ऐसे में यह मुलाकात काफी मायने रखती है। आनंद शर्मा की हां के बाद कुलदीप सिंह राठौर की नियुक्ति पर आम सहमति बनती नजर आई।
सामने आए यह नए चेहरे
इसी बीच विधायक आशा कुमारी, हर्षवर्धन चौहान और रामलाल ठाकुर में से किसी एक को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने की भी चर्चा होती रही। सुक्खु को हटाने में हुई देरी के बीच ये नाम भी खूब चर्चित रहे। सुखविंद्र सिंह सुक्खू को पद से हटाने की मांग करने वालों की दलील यह है कि बीते पौने 6 साल में सुक्खू की अगुवाई में पार्टी ने तीन बड़े चुनाव हारे हैं। इसी को आधार बनाकर वीरभद्र सिंह खुद भी तीन साल से राज्य में पार्टी नेतृत्व बदलने की मांग कर रहे थे।
चारों सीटों पर वीरभद्र सिंह की पसंद के होंगे अब कांग्रेस उम्मीदवार
अब कयास लगाए जा रहे हैं कि कुलदीप सिंह राठौर के पी.सी.सी. अध्यक्ष बनने से हिमाचल की चारों लोकसभा सीटों पर कांग्रेस वीरभद्र सिंह की पसंद के उम्मीदवारों को ही चुनाव मैदान में उतारेगी। सुक्खु के नाम पर जो संभावित उम्मीदवार मैदान में उतरने को तैयार हो रहे थे, उन्हें पी.सी.सी. अध्यक्ष की नई नियुक्ति से गहरा सदमा लगा है।

Advertisements

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here