रात के अंधरे में हिमाचल में घुसी जम्मू-कश्मीर पुलिस, इलाका वासियों से बहसबाजी के बाद आंसू गैस के गोले दागे

शिमला (द स्टैलर न्यूज़)। जिला चंबा के उपमंडल सलूणी के अतिसवेंदनशील किहार सेक्टर में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे। इस घटना में कुछ इलाकावासी घायल हो गए। शिकायत के बाद हिमाचल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू दी है।

Advertisements

घटना जिला चंबा के सीमावर्ती क्षेत्र किहार की है। जानकारी अनुसार वीरवार रात को जम्मू के डोडा जिला के करीब 35 हथियारबंद पुलिसकर्मी, जिसमें महिला पुलिस शामिल है, हिमाचल के पुलिस थाना किहार के दायरे में आने वाले जलाड़ी गांव में गए। वहां स्थानीय ग्रामीणों के साथ उनकी बहसबाजी हुई। मामला इतना बढ़ गया कि जेएंडके पुलिस व ग्रामीणों के बीच झड़प हो गई। जेएंडके पुलिस ने ग्रामीणों पर आंसू गैस के गोले दागे। इस घटना में कुछ ग्रामीण घायल हुए। जैसे ही किहार पुलिस थाना को यह जानकारी मिली तो थाना प्रभारी हरनाम सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति पर काबू पाया। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किहार पहुंचाया गया जहां उनका उपचार किया गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि जेएंडके पुलिसकर्मी शराब के नशे में थे और उनके घरों में जबरन घुस रहे थे। ग्रामीणों ने इसका विरोध किया तो पुलिस ने उनके साथ मारपीट की और आंसू गैस के गोले दागे। ग्रामीणों की शिकायत पर हिमाचल पुलिस ने जेएंडके पुलिस के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और शुक्रवार की सुबह उक्त पुलिस कर्मियों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किहार में मेडिकल करवाया। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी सलूणी मयंक चौधरी ने कहा कि इस बारे में उनकी जेएंडके पुलिस अधिकारी के साथ बात हुई है। उक्त अधिकारी को इस घटना के बारे में बताया गया है। पुलिस अधिकारी ने अपने पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है। जहां तक हिमाचल पुलिस की बात है तो वह अपने स्तर पर पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। बताया जाता है कि डोडा जिला से एक नाबालिग लडक़ी को इस गांव का कोई युवक भगा कर ले गया है। लडक़ी के घरवालों ने डोडा में मामला दर्ज करवाया, जिसकी जांच प्रक्रिया के तहत जेएंडके ने पुलिस वीरवार शाम को हिमाचल की सीमा में प्रवेश किया, जिसकी रपट लंगेरा चौकी में दर्ज है। गंभीर बात यह है कि जेएंडके पुलिस हथियार लेकर हिमाचल की सीमा में प्रवेश कर गई और उसने स्थानी पुलिस थाना जाने की जरूरत तक नहीं समझी। यही नहीं हथियारों से लैस पुलिस कर्मियों का दल रात को गांव में जाकर लोगों के घरों की तलाशी ले रहा था। इसी वजह से यह पूरी घटना घटी। दूसरी तरफ जिस लडक़ी की तलाश में जेएंडके पुलिस ने यह सब किया वह लडक़ी उन्हें नहीं मिली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here