हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने सफल बनाई रैली, मुख्यमंत्री को सुनने के लिए उत्साहित दिखे लोग

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट: सक्षम कालिया। “मेरा आप की कृपा से सब काम हो रहा है” भजन की पंक्तियों से मुख्यमंत्री ने जब भाषण की शुरुआत की तो हर कोई चकित रह गया। उनके इस अंदाज ने उपस्थिति को बांधे रखा। क्योंकि शनिवार को होशियारपुर में एक अलग ही माहौल था। इसका कारण यह था कि मुख्यमंत्री चरनजीत सिंह चन्नी होशियारपुर में आयोजित रैली को संबोधित करने पहुंचे थे। पूर्व कैबिनेट मंत्री व होशियारपुर के विधायक सुन्दर शाम अरोड़ा की अध्यक्षता में आयोजित इस रैली की सफलता की गवाही यहां हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने दी। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम लोगों ने भी रैली में पहुंचकर मुख्यमंत्री को सुना। क्योंकि, जिस प्रकार से मुख्यमंत्री इस समय कार्य कर रहे हैं उससे आम जन पर काफी प्रभाव देखने को मिल रहा है और लोग चन्नी को जैसा देश वैसा भेष वाले व्यक्तित्व के रुप में देख रहे हैं। उनके द्वारा बिजली, पानी, सीवरेज, पैट्रोल आदि जैसी महत्वपूर्ण मौलिक सुविधाओं पर जनता को जो राहत दी है उसने आम, मध्यम एवं खास वर्ग के लोगों को विशेष राहत दी है।

Advertisements

इसके अलावा होशियारपुर की बात की जाए तो यहां के विकास में विधायक सुन्दर शाम अरोड़ा द्वारा लाए गए प्रोजैक्ट उनकी कार्यशैली को खुद-ब-खुद बयान कर रहे हैं। पंजाब सरकार द्वारा पंजाब में तथा विधायक अरोड़ा द्वारा होशियारपुर में करवाए गए विकास को लेकर कहीं न कहीं विरोधियों की चिंताएं बढ़ी हुई हैं और वे कोई न कोई बहाना ढूंढकर निशाना साधने का कोई मौका नहीं गंवा रहे। आज की हुई इस रैली में कई लोगों से बात की गई और अधिकतर का यही कहना था कि राजनीति का तो उन्हें पता नहीं पर जिस प्रकार से श्री चन्नी पंजाब में और श्री अरोड़ा होशियारपुर में कार्य कर रहे हैं व कार्य करवाए गए हैं उन्हें अनदेखा नहीं किया जा सकता तथा इसी चाल से चलते रहे तो आने वाले समय में पंजाब में कांग्रेस की सरकार पुन: बनने से कोई नहीं रोक सकता। मंच से मुख्यमंत्री द्वारा होशियारपुर के विकास के लिए 5 करोड़ की ग्रांट की घोषणा करना और पुन: सरकार आने पर श्री अरोड़ा को पहली पंक्ति में कैबिनेट मंत्री बनाने की बात का भी जनता पर गहरा असर पड़ा है।

क्योंकि, हर कोई जानता है कि श्री अरोड़ा ने मंत्री रहते हुए पंजाब की इंडस्ट्री को नई गति प्रदान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी और होशियारपुर के लिए जो किया वह इतिहास के पन्नों में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। हालांकि कुछेक लोगों ने रैली में आए लोगों को भ्रमित करते हुए सुनियोजित ढंग से सरकार व रैली को विफल बनाने का भी प्रयास किया। लेकिन पंजाब सरकार की विकास की नीतियों और मुख्यमंत्री के विनम्र स्वभाव एवं उनके द्वारा आम जन की भलाई के लिए किए जा रहे कार्यों के चलते लोग रैली में डटे रहे और घंटों अपने मुख्यमंत्री का इंतजार करने उपरांत उन्हें सुनने उपरांत ही अपनी जगह से हिले। रैली उपरांत लोगों में चर्चा थी कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों की इकट्ठ पहली बार देखा, जो सरकार की नीतियों पर मोहर लगा रहा था। रैली की सफलता के लिए विधायक अरोड़ा ने शहर निवासियों, कार्यकर्ताओं और सहयोगियों का धन्यवाद किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here