
बड़सर (द स्टैलर न्यूज़) रजनीश शर्मा: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रतिभा सिंह ने शनिवार को बड़सर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित रैली से चुनावी शंखनाद कर दिया है। उन्होंने कहा कि उपचुनावों की तर्ज पर विधानसभा में भी भाजपा को हराना है। नेताओं और कार्यकर्ताओं से अभी से फील्ड में डट जाने का आह्वान करते हुए कहा कि तब तक चैन से नहीं सोना है, जब तक पार्टी को सत्ता में न लाएं। प्रतिभा सिंह ने कहा कि देशभर में एकमात्र हिमाचल में ही कांग्रेस की महिला प्रदेश अध्यक्ष है। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रदेश की महिलाओं का सम्मान करते हुए यह बड़ा फैसला लिया है। जनसभा को संबोधित करते प्रतिभा सिंह ने कहा कि देश और प्रदेश में डबल इंजन की सरकार ने आम जनता का जीना मुहाल कर दिया है। भाजपा सरकार रोजगार देने में विफल रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में कहा था कि उनकी सरकार हर साल दो करोड़ लोगों को रोजगार देगी। रोजगार मिलना तो दूर, रोजगार छिना जा रहा है। जयराम सरकार कर्ज लेकर घी पी रही है। भाजपा सरकार पूर्व की वीरभद्र सिंह सरकार के कार्यकाल में हुए शिलान्यासों और अन्य चल रहे कार्यों के ही उद्घाटन कर रही है। इनकी अपनी उपलब्धियां शून्य हैं। दिवंगत वीरभद्र सिंह आज उनके बीच नहीं है लेकिन उनका आशीर्वाद साथ है। उनके दिखाए मार्ग पर चल कर राज्य में दोबारा से कांग्रेस की सरकार बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल में वीरभद्र सिंह के विकास का मॉडल चलेगा। पूरे प्रदेश का एक समान विकास जैसे पहले होता था आगे भी कांग्रेस सरकार बनने पर होगा। कांग्रेस सरकार बनने पर कर्मचारियों के हितों की रक्षा होगी और उन्हें सारे वित्तीय व अन्य लाभ दिए जाएंगे।
बिझड़ में कांग्रेस का जबरदस्त रोड शो
विधानसभा क्षेत्र बड़सर के प्रमुख कस्बे बिझड़ से रैली स्थल तक प्रतिभा सिंह विधायक इंद्र दत्त लखनपाल के समर्थकों ने रोड शो निकाला । इस दौरान वंदे मातरम, भारत माता की जय और वीरभद्र सिंह अमर रहे के नारे गूंजते रहे। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पारंपरिक परिधानों और वाद्य यंत्र भी लेकर समर्थक रैली स्थल पर पहुंचे।
कांग्रेस को गुलदस्ते में पिरो गया प्रतिभा का दौरारैली स्थल पर प्रतिभा सिंह , राजेंद्र राणा, सुखविंद्र सिंह सुक्खू, सुधीर शर्मा, अनीता वर्मा, राजेंद्र जार, प्रेम कौशल, सुरेश कुमार, प्रोमिला , बंबर ठाकुर, संजय रत्न , केवल सिंह पठानिया, रोहित शर्मा, कुलदीप सिंह पठानिया, सुनील बिट्टू जैसे नेता एक साथ मंच पर बैठे । सब अपने अपने भाषणों में एक दूसरे की तारीफ करने से नहीं चूके। दो बार लगातार कांग्रेस टिकट से चुनाव जीतने वाले विधायक इंद्र दत्त लखनपाल के लिए कांग्रेस की यह रैली उन्हे और मजबूती प्रदान कर गई।
