मान सरकार द्वारा बुनियादी सुविधाएँ और जान-माल की सुरक्षा लिए 9.02 करोड़ रुपए किए जाएंगे ख़र्च: डॉ. निज्जर

चंडीगढ़,(द स्टैलर न्यूज़)। मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार का मुख्य उद्देश्य बुनियादी सुविधाएँ मुहैया करवाने के साथ-साथ जीवन एवं संपत्ति की सुरक्षा प्रदान करना है। इस दिशा में कदम बढ़ाते हुए स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. इन्दरबीर सिंह निज्जर ने बताया कि नगर निगम लुधियाना द्वारा लोगों की सुरक्षा के लिए फायर ब्रिगेड के आधुनिक उपकरणों और विकास कार्यों पर लगभग 9.02 करोड़ रुपए ख़र्च किए जाएंगे। इस सम्बन्धी जानकारी देते हुए स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. इन्दरबीर सिंह निज्जर ने बताया कि नगर निगम लुधियाना द्वारा अग्निशमन और बचाव कार्यों के लिए 50 मीटर से अधिक ऊँचाई वाला हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म मुहैया करवाने के लिए करीब 8.57 करोड़ रुपए ख़र्च किए जाएंगे।  

Advertisements

इसके अलावा नगर निगम लुधियाना द्वारा सीवरेज निरीक्षण कैमरे और रूट चेन कटर की खरीद समेत जे.सी.बी मशीनों की मरम्मत और अन्य कार्यों पर करीब 45.26 लाख रुपए ख़र्च किए जाएंगे। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्य के लोगों को बुनियादी सुविधाएँ प्रदान करने और जान-माल की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास कर रही है, जिससे राज्य के लोगों का जीवन बेहतर और आसान बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि स्थानीय निकाय विभाग द्वारा इन कार्यों के लिए पहले ही पंजाब सरकार की वेबसाइट  www.eproc.punjab.gov.in पर ई-टेंडर जारी किया जा चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि यदि इन निविदाओं में कोई संशोधन किया जाता है तो इस सम्बन्धी विवरण उपरोक्त वेबसाइट पर उपलब्ध करवाया जाएगा। मंत्री ने विभाग के अधिकारियों को कार्य में पारदर्शिता और गुणवत्ता को सुनिश्चित बनाने के निर्देश भी दिए।  
———–

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here