रेलवे ओवरब्रिज मामले में संघर्ष कमेटी को भाजपा का समर्थन

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। जिला भाजपा द्वारा आज जिला भाजपा कार्यलय में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। जिसमें पूर्व कैबिनेट मंत्री तीक्ष्ण सूद, जिलाध्यक्ष निपुण शर्मा, पूर्व मेयर शिव सूद, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विजय पठानिया विशेष तौर पर उपस्थित हुए। प्रेस वार्ता को सम्बोधित करते हुए पंजाब के पूर्व मंत्री तीक्ष्ण सूद ने कहा कि होशियारपुर शहर में पिछले 20 दिनों से रेलवे ओवरब्रिज को न बनाये जाने के लिए स्थानीय लोगों द्वारा संघर्ष किया जा रहा है। लेकिन पंजाब सरकार द्वारा इस मामले में गंभीर होते न देख संघर्ष कमेटी भूख हड़ताल पर बैठने पर मजबूर हो गई।

Advertisements

सूद ने कहा कि रेलवे ओवरब्रिज बनने से करीब 400 दुकानदारों की रोज़ी-रोटी छिन जाएगी। आस -पड़ोस के मोहल्लों के लोग नरक भरी जिंदगी जीने को विवश होंगे। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के दर्द को समझते हुए आज भाजपा ने संघर्ष कमेटी को हरसंभव सहयोग व समर्थन दिया है। सूद ने कहा कि रेलवे ओवरब्रिज को बनने से रोकने के लिए संघर्ष कमेटी की सारी मांगे जायज है। भाजपा नेता सूद ने मंत्री अरोड़ा की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि विकास वह होता है जिससे आम जनमानस सुखी हो न कि विकास के नाम पर लोगों को तंग-परेशान किया जाए। सूद ने आरोप लगाया कि वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमनिंदर सिंह ने इस ओवरब्रिज का उद्धघाटन किया था और मंत्री अरोड़ा ने इसे अपना ड्रीम प्रोजेक्ट बताया था। लेकिन अब लोगों के भारी विरोध के कारण वही मंत्री इस प्रोजेक्ट को केंद्र सरकार का प्रोजेक्ट बताकर अपनी बात से मुकर रहे है। जबकि उनकी केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल व सोमप्रकाश से भी बात हो चुकी है।

पंजाब सरकार चाहे तो लोगों की मांग को देखते हुए इस मामले को रोक सकती है। मंत्री अरोड़ा को ऐसी दोगली बातें न करके अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए। सूद ने कांग्रेस सरकार पर संगीन आरोप लगाते हुए कहा कि इनके लिए शहर का विकास प्राथमिकता नहीं, बल्कि अपनी कालोनियों, जायदादों का विकास सर्वप्रथम है। लेकिन भाजपा इनके हाथों आम आदमी का शोषण नहीं होने देगी और हर संघर्ष के लिए आगे रहेगी। इस मौके पर सूद समेत भाजपा नेताओं ने कहा कि इस मामले में मुख्यमंत्री से भी बात की जाएगी ताकि उन्हें सच्चाई से वाकिफ़ करवाया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here