सफाई सेवकों व सीवरमैनों के साथ धक्का नहीं होने देंगे पर हड़ताल से फैडरेशन का कोई सरोकार नहीं: हंस/भट्टी

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। सफाई मजदूर फैडरेशन पंजाब ईकाई होशियारपुर की अति जरुरी बैठक यूनियन के चेयरमैन जसपाल सिंह गोल्डी एवं ड्राइवर यूनियन के प्रधान आशू बत्तरा की अगुवाई में की गई। इस मौके पर यूनियन पदाधिकारियों ने साफ किया कि वह सफाई सेवकों एवं सीवरमैनों के साथ किसी तरह का धक्का नहीं होने देंगे, लेकिन हड़ताल के समर्थन में नहीं हैं। क्योंकि, इस समय गर्मी का मौसम चल रहा है और इस भीषण गर्मी में गंदगी के कारण कई प्रकार की बीमारियां फैलने का खतरा बना रहता है। यह हमारा है और ऐसे समय में अगर हम हड़ताल पर चले जाएंगे तो हमारा अपना शहर गंदगी एवं बीमारियों की गिरफ्त में आ जाएगा। इसलिए हम हड़ताल का समर्थन नहीं कर रहे तथा अगर सरकार ने हमारी इस पहल के बावजूद कर्मियों के साथ धक्का किया तो मजबूरन हमें भी हड़ताल जैसा सख्त कदम उठाना पड़ेगा।

Advertisements


भीषण गर्मी में गंदगी से होने वाली बीमारियों से शहरवासियों को बचाना और सेवाओं को निर्विघ्न जारी रखना हमारा पहला कर्तव्य

इस मौके पर फैडरेशन के प्रधान राजा हंस एवं सफाई कर्मचारी आयोग हलका लोकसभा इंचार्ज कमल भट्टी ने कहा कि जो सफाई सेवक एवं सीवरमैन पहले से काम करते आ रहे हैं उन्हें पहल के आधार पर पक्का किया जाए तथा इसके उपरांत ही नई भर्ती की जाए। उन्होंने बताया कि उन्होंने सरकार से मांग की थी कि जो पहले से काम कर रहे सफाई सेवक जिनका संख्या करीब 120 के करीब है उन्हें तथा करीब 25 सीवरमैनों को अलग रखकर नई भर्ती की जाए और नया कोटा सिस्टम लागू किया जाएगा। लेकिन निगम प्रशासन द्वारा ऐसा नहीं किया गया और सभी पर यह सिस्टम लागू कर दिया। जिसके चलते आज यह समस्या पेश आ रही है। उन्होंने यह भी मांग की है कि जो कर्मी सरकार के नियमों के तहत औपचारिकताएं पूरी नहीं करते, जिनकी उम्र अधिक हो चुकी है या कोई अन्य कारण है, के बच्चों व परिवार के किसी सदस्यों को पहल के आधार पर नौकरी पर रखा जाए। राजा हंस एवं कमल भट्टी ने कहा कि पहले की गई हड़ताल से सफाई सेवकों एवं सीवरमैनों का तो भला हुआ नहीं लेकिन कुछ लोगों ने प्रमोशन जरुर प्राप्त कर ली।

जिसके चलते कर्मचारी खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। इस मौके पर जसपाल सिंह गोल्डी, आशू बत्तरा एवं सीवरमैन यूनियन के प्रधान नरेश कुमार बब्बू ने कहा कि जनता की सुविधाओं एवं परेशानियों को मुख्य रखते हुए उनकी सेवाएं निरंतर जारी हैं। उन्होंने सरकार से अपील की कि उनकी सेवाओं को देखते हुए उनकी जायज मांगों (नियुक्ति पत्र देने आदि) को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम का अधिकतर कार्य कच्चे मुलाजिमों के सहारे चल रहा है तथा समस्त कर्मचारी अपनी ड्यूटी पूरी ईमानदारी और मेहनत से कर रहे हैं। इसलिए सरकार को कर्मचारियों की भलाई हित पॉलिसी बनाकर पहले से काम कर रहे कर्मियों को पक्का करना चाहिए तथा उसके बाद नई भर्ती करनी चाहिए ताकि लंबे समय से काम कर रहे कर्मियों के साथ न्याय हो सके। अगर सरकार फिर भी अपने रवैये में कोई बदलाव नहीं लाती तो उन्हें भी संघर्ष का रास्ता अपनाने को विवश होना पड़ेगा। इस मौके पर ड्राइवर यूनियन, माली यूनियन, ट्यूबवैल आप्रेटर यूनियन, इलैक्ट्रीशन यूनियन, सीवरमैन यूनियन, सैनीटेशन यूनियन, फायर ब्रिगेड यूनियन, डाटा एंट्री आप्रेटर यूनियन तथा दफ्तरी क्लर्क यूनियन तथा दफ्तरी सेवादार यूनियन के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here