Sunday, October 25, 2026
Home Himachal सीएम जयराम ने हमीरपुर को दी 54 करोड़ की सौगात

सीएम जयराम ने हमीरपुर को दी 54 करोड़ की सौगात

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट:रजनीश शर्मा। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने हमीरपुर जिला के टाउन हॉल में 54 करोड़ रुपये की लागत की चार विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किए। मुख्यमंत्री ने 4.33 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मॉडल कैरियर सेंटर हमीरपुर का उद्घाटन किया। उन्होंने डिडवीं टिक्कर में 6.74 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इंडोर स्टेडियम, 30 करोड़ रुपये  की लागत से निर्मित होने वाली हर घर नल से जल उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना चौकी चबोट अमरोह, 13 करोड़ की डुग्घा पंजाली, कल्लर पुरोहितम उठाऊ पेयजल योजनाओं का शिलान्यास किया।

Advertisements

हमीरपुर के विधायक नरेंद्र ठाकुर ने राज्य स्तरीय कारगिल विजय दिवस समारोह में मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि हमीरपुर जिले में राज्य में सबसे अधिक संख्या में सेवारत और पूर्व सैनिक हैं, जो एक सम्मान और गौरव की बात है। उन्होंने मुख्यमंत्री से धरती के महान सपूतों के सम्मान में हमीरपुर में एक युद्ध स्मारक बनाने का भी आग्रह किया। उन्होंने हमीरपुर जिले की विकासात्मक मांगों पर सदैव ध्यान देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर सैनिक कल्याण विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर मदन शील शर्मा ने मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ‘कारगिल विजय दिवस’ देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले देश के वीर सपूतों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का दिन है। उन्होंने सेवारत सैनिकों और पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए विभाग द्वारा शुरू की गई विभिन्न योजनाओं का भी विवरण दिया। उपायुक्त हमीरपुर देबश्वेता बनिक ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर विधायक एवं उप मुख्य सचेतक कमलेश कुमारी, पूर्व विधायक राम रतन, राज्य समन्वयक कौशल विकास निगम नवीन शर्मा, कांगड़ा कृषि बैंक के अध्यक्ष कमल नयन, राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वंदना कुमारी, पुलिस अधीक्षक हमीरपुर आकृति शर्मा उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here