
अयोध्या (द स्टैलर न्यूज़), पलक। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या को करोड़ो की नई सौगात प्रदान की है। अयोध्या पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने रोड शो करने के बाद अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पहुंचे। जहां उन्होंने 6 वंदे भारत और 2 अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिसके बाद उनका काफिला महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर पहुंचा। जहां उन्होंने महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का भी उद्घाटन किया। यह हवाई अड्डा 1450 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से विकसित किया गया है। हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन का क्षेत्रफल 6500 वर्गमीटर होगा, जो सालाना लगभग 10 लाख यात्रियों की सेवा के लिए सुसज्जित होगा। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से पहले प्रधानमंत्री मोदी अपने इस दौरे में एयरपोर्ट, हाईवे, रेलवे स्टेशन व रेलवे लाइन दोहरीकरण के साथ कई बड़ी परियोजनाओं की सौगात अयोध्या को देंगे।













