ताजा खबर: निगम द्वारा धार्मिक फ्लैक्स उतारने को लेकर रोष, महाराणा प्रताप चौक पर लगाया जाम

protest-against-corporation-hoshiarpur-different-sangathans (2)

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। होशियारपुर के महाराणा प्रताप चौक पर सायं करीब साढ़े 5 बजे उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब नगर निगम की टीम द्वारा चौक पर लगे धार्मिक संस्थाओं की तरफ से लगाए गए फ्लैक्स उतारने शुरु कर दिए गए। इसका पता चलते ही श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष लक्की ठाकुर ने इसके प्रति कड़ा रोष व्यक्त करते हुए नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी करनी शुरु कर दी और इस बात का पता चलते ही अन्य संस्था सदस्य भी मौके पर पहुंच गए। इसी बीच निगम की टीम द्वारा उतारे गए अन्य धार्मिक संस्थाओं के फ्लैक्सों की सूचना मिलने पर संस्थाओं के सदस्य भी चौक पर पहुंच गए और उन्होंने रोष जताते हुए जाम लगा दिया। स्थिति तनावपूर्ण होती देख थाना माडाल टाउन प्रभारी नरिंदर कुमार व थाना सदर के प्रभारी राजेश कुमार व थाना सिटी के प्रभारी जगदीश अत्री के अलावा ट्रैफिक इंचार्ज तलविंदर कुमार भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और उन्होंने रोष व्यक्त कर रहे लोगों को काफी समझाया, मगर वे उन्हें समझाने में नाकाम रहे।

Advertisements

इसी बीच स्थिति का पता चलते ही डी.एस.पी. (सिटी) सुखविंदर सिंह व तहसीलदार अरविंद प्रकाश वर्मा ने मौके पर पहुंच कर लोगों से बात की और उन्हें करीब 2 घंटे की कशमकश के बाद बैठकर बात करने हेतु राजी किया तथा जाम खुलवाया।

protest-against-corporation-hoshiarpur-different-sangathans (2)

इस मौके पर लक्की ठाकुर, बोबी शर्मा प्रधान, पार्षद ध्यान चंद ध्याना, गोल्डी कमालपुर, विकास हंस, अश्विनी ठाकुर, मोंटी ठाकुर, कुलविंदर सिंह, विनय ठाकुर, कुलबीर आदि ने रोष प्रकट करते हुए बताया कि अगर निगम को धार्मिक कार्यक्रमों के संबंध में लगाए गए फ्लैक्सों को लेकर कोई आपत्ति थी या उसे किसी कारणवश फ्लैक्स उतारने थे तो वह संस्थाओं को बुलाकर उनसे बात भी कर सकती थी। मगर, तानाशाही रवैया दिखाते हुए निगम अधिकारियों ने शहर निवासियों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि निगम मुलाजिमों द्वारा फ्लैक्सों को इतने गलत तरीके से उतारा गया कि वह बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए और मुलाजिमों ने बोर्ड पर लगी भगवान की तस्वीरों का भी कोई ख्याल नहीं किया, जिससे लगता है कि नगर निगम अधिकारी जानबूझकर शहर का माहौल खराब करना चाहते हैं।

उन्होंने कड़ा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि इतनी बड़ी बात हो जाने के बावजूद भी मौके पर किसी निगम अधिकारी का न पहुंचना शहरनिवासियों एवं शहर के प्रति उनकी उदासीनता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि अगर निगम अधिकारियों का यही रवैया रहा तो उन्हें संघर्ष करने को मजबूर होना पड़ेगा।

खबर लिखे जाने तक एस.डी.एम. जतिंदर जोरवर सिंह, एस.पी. हैडक्वार्टर बलबीर सिंह भट्टी, तहसीलदार अरविंद प्रकाश वर्मा, डी.एस.पी. सुखविंदर सिंह की तरफ से संगठनों के प्रतिनिधियों व निगम अधिकारियों के साथ बातचीत करके मामले को सुलझाने के प्रयास किए जा रहे थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here