कैबिनेट मंत्री अरोड़ा ने किया सुविधा सैंटर का दौरा, जनता के कार्य समयबद्ध करने के दिए निर्देश

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। सुविधा सैंटर में सरकार द्वारा समयबद्ध की गई सेवाएं देरी से मिलने को लेकर लोगों को हो रही परेशानियों संबंधी शिकायतें मिलने का कड़ा संज्ञान लेते हुए कैबिनेट मंत्री सुन्दर शाम अरोड़ा ने सुविधा सैंटर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां काम करवाने आए लोगों से बात की और उनकी समस्याएं जानी। उन्होंने सैंटर में काम करवाने पहुंचे शारीरिक रुप से अक्षम लोगों से भी भेंट की तथा उनकी समस्याएं सुनी।

Advertisements

सुविधा सैंटर में लोगों की समस्याओं संबंधी शिकायत मिलने पर कैबिनेट मंत्री ने लिया कड़ा संज्ञान

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री अरोड़ा ने जिलाधीश अपनीत रयात और सुविधा सैंटर कंपनी के अधिकारियों से बात करके सैंटर में काउंसलिंग एवं गाइडेंस काउंटर स्थापित करने की बात कही और मौके पर ही कर्मचारी नियुक्त करवाया। इस अवसर पर श्री अरोड़ा ने कहा कि सुविधा सैंटर में जो लोग काम करवाने आते हैं उनमें कई ऐसे होते हैं जिन्हें कागजात जमा करवाने संबंधी सही जानकारी न होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है तथा ऐसे में सैंटर के कर्मियों को भी समस्या पेश आती है। इसलिए काउंसलिंग काउंटर का होना अति आवश्यक है। जिसके चलते काउंटर की स्थापना की गई है।

जिलाधीश और कंपनी अधिकारियों से मौके पर बात कर सुविधा सैंटर में लोगों को गाइड करने हेतु कर्मचारी करवाया नियुक्त

इस अवसर पर उन्होंने लोगों से बात करके कई समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया और शेष के निपटारे के सख्त निर्देश जारी किए। कैबिनेट मंत्री अरोड़ा ने कहा कि सुविधा सैंटर में एक स्थान पर ही लोगों को विभन्न प्रकार की सेवाएं मिल रही हैं तथा उन्हें अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। इसलिए सैंटर में मिलने वाली सेवाओं के प्रति लोग जागरुक हों एवं उन्हें सही जानकारी देना हमारा फर्ज है। उन्होंने कर्मियों से कहा कि वे यहां काम करवाने हेतु आने वाले लोगों से सभ्य तरीके से व्यवहार करें और उन्हें ही जानकारी प्रदान करते हुए समय पर काम करना यकीनी बनाएं। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वे काम से संबंधित कागजात पूरे लाएं व किसी भी तरह की परेशानी आने पर काउंसलिंग काउंटर पर जाकर जानकारी हासिल करें।

अगर कोई कर्मचारी या अधिकारी काम में देरी करता है तो इसकी जानकारी उन्हें दें। इस अवसर पर उन्होंने काम करवाने पहुंचे शारीरिक रुप से अक्षम लोगों से भी मुलाकात की और उनकी परेशानियां जानी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शारीरिक रुप से अक्षम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लें और समय पर उनका हल करके उन्हें परेशानी से बचाएं। इस मौके पर पार्षद सुरिंदरपाल सिद्धू एवं सुनीश जैन भी मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here