गुजरात में चुनावी प्रदर्शन के आधार पर आप पार्टी को मिला राष्ट्रीय दल का दर्जा: एडवोकेट हेमंत

चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़)। आम आदमी पार्टी (आप) जिसने बीते कल 7 दिसम्बर को  दिल्ली नगर निगम (एमसीडी )  के आम चुनावों की  मतगणना में   कुल 250 वार्डों में से 134 वार्डों पर जीत हासिल की थी हालांकि उसने 200 से ऊपर वार्डों में जीत का दावा किया था, ने आज गुजरात विधानसभा आम चुनावों के नतीजों में सीटें जीतने की दृष्टि से अपेक्षाकृत  प्रदर्शन तो नहीं किया परन्तु जहाँ तक उसे प्राप्त हुए वोट प्रतिशत का विषय है, तो इस आधार पर आप पार्टी को  मान्यता प्राप्त  राष्ट्रीय दल (नेशनल पार्टी ) का दर्जा प्राप्त हो गया है. 

Advertisements

इस सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी देते हुए  पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के एडवोकेट हेमंत कुमार ने बताया कि भारतीय चुनाव आयोग द्वारा बनाये गये चुनाव -चिन्ह (आरक्षण एवं आबंटन ) आदेश, 1968, जिसमें समय समय पर संशोधन किया जाता रहता है,  के मौजूदा पैरा 6 बी में   उल्लेख है कि  अगर कोई राजनीतिक दल   देश के कम से कम चार राज्यों में मान्यता प्राप्त क्षेत्रीय दल (स्टेट पार्टी ) का दर्जा प्राप्त कर लेता है, तो उसे देश में  राष्ट्रीय दल (नेशनल पार्टी ) का दर्जा प्राप्त हो जाएगा. ऐसा प्रावधान उपरोक्त वर्ष 1968 के आदेश में   वर्ष 2005 में  किया गया था. 

हेमंत ने आगे बताया कि अगर कोई राजनीतिक दल किसी राज्य के विधानसभा आम चुनावों में कम से कम 6 प्रतिशत वोट और कम से कम दो सीटें जीतता  है अथवा  प्रदेश की  कुल विधानसभा सीटों की कम से कम  तीन प्रतिशत सीटें जीतता  है अथवा   एक भी सीट न जीतकर हालांकि  पूरे प्रदेश में कुल पड़े वैध मतों के  न्यूनतम  आठ प्रतिशत वोट हासिल करता है, तो उसे उस प्रदेश में मान्यता प्राप्त क्षेत्रीय दल का दर्जा प्राप्त हो जाता है.  चूँकि यह समाचार लिखे जाने तक  आप पार्टी ने गुजरात राज्य में करीब 13 प्रतिशत वोट हासिल कर लिए थे  एवं वह प्रदेश में  5 सीटों पर आगे चल रही थी, अत: अगर वह गुजरात विधानसभा में एक भी सीट नहीं जीत पाती है, फिर भी उसे प्रदेश  में क्षेत्रीय दल का दर्जा प्राप्त होना तय है क्योंकि उसने राज्य में आठ प्रतिशत से ऊपर वोट प्राप्त कर लिए हैं. 

हालांकि आज हिमाचल प्रदेश विधानसभा आम चुनावों के नतीजों में आप पार्टी को मात्र एक प्रतिशत से कुछ अधिक वोट और एक भी सीट नहीं मिली है, इस कारण वह हिमाचल में क्षेत्रीय दल नहीं बन पाई है.  आज से नौ महीने पूर्व मार्च, 2022 में  पंजाब विधानसभा के  आम चुनावों  में आप पार्टी  ने प्रदेश की कुल 117 विधानसभा सीटों में से   92 सीटें अर्थात तीन चौथाई से अधिक  सीटों पर   बम्पर जीत  हासिल की थी. उन चुनावों में उसे 42 प्रतिशत वोट प्राप्त हुए थे.  पंजाब के साथ ही इस वर्ष  गोवा में हुए विधानसभा आम चुनावों  में आप पार्टी  ने प्रदेश की कुल 40 विधानसभा सीटों में से   2 सीटें  और 6 प्रतिशत से ऊपर वोट हासिल  किये थे.  करीब तीन वर्ष पूर्व  फरवरी, 2020 में  राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीटी )  दिल्ली  में हुए विधानसभा आम चुनावों में  आप पार्टी ने  कुल 70 में से  62 सीटें जीत कर और 53 प्रतिशत से ऊपर वोट प्राप्त किये थे.  इस प्रकार आज गुजरात में मान्यता प्राप्त क्षेत्रीय दल बनने से पहले आप पार्टी को  देश के  तीन राज्यों में यह दर्जा पहले से  प्राप्त है.  इस समय  देश की 8  राष्ट्रीय पार्टियों  – कांग्रेस, भाजपा, बसपा, राष्ट्रवादी कांग्रेस, सीपीआई, सीपीएम, तृणमूल कांग्रेस और एनपीपी (नेशनल पीपल्स पार्टी ) हैं.  आप पार्टी देश की नौवीं मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय दल बनेगी.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here