
चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़)। फिरोजपुर से भाजपा के लोकसभा प्रत्याक्षी राणा गुरमीत सोढ़ी ने किसानों को चुनाव लड़ने का चैलेंज दिया है। उन्होंने कहा कि किसानों को भाजपा का विरोध करने के बजाय चुनाव लड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि अभी चुनाव हो रहे हैं। चुनाव के बाद ऐसे मामले हल हो सकते हैं। अभी सड़क पर खड़े होने और नारेबाजी करने और रास्ता रोकने से यह मसले हल नहीं होंगे।

फाजिल्का के अबोहर रोड पर एक निजी पैलेस में राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी ने कहा कि वह किसानों के जो भी मसले या मांगे हैं, उनको लेकर चंडीगढ़ में केंद्रीय मंत्रियों के साथ बैठक हो चुकी है। अगर कोई मामला बचा तो चुनाव के बाद हल हो जाएगा। राणा सोढ़ी ने कहा कि किसानों के विरोध करने की वजह से आम लोगों को असुविधा हो रही है। अगर किसान अपना पक्ष रखना चाहते हैं तो वह चुनाव लड़ सकते हैं। देश में लोकतंत्र सिस्टम है।












