
जम्मू-कश्मीर (द स्टैलर न्यूज़)। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सर्विस राइफल के साथ लापता हुए विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) का शव आज सुबह उसके घर के पास बरामद हुआ। घटना के बाद पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान बशीर अहमद (55), पुत्र मूसा धर, निवासी वानीपोरा त्रिगाम के रूप में हुई है। वह पेडिल पुलिस पोस्ट पर 2025 से तैनात था। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, एसपीओ 14 अक्टूबर की शाम ड्यूटी स्थल से अपनी सर्विस एसएलआर राइफल और मैगजीन के साथ लापता हो गया था। उसके लापता होने के बाद पुलिस और सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान शुरू किया था।

आज सुबह तलाशी के दौरान बशीर अहमद का शव उसके त्रिगाम स्थित आवास के पास मिला। अधिकारियों ने पुष्टि की कि उसकी लापता सर्विस राइफल भी शव के पास से बरामद कर ली गई है। शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ड्यूटी स्थल से लापता होने और उसके बाद घर के पास मौत होने के घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।











