
हिमाचल प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। हिमाचल प्रदेश के बद्दी से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मां पर अपनी ही 8 साल की मासूम बेटी की हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस ने पिता की शिकायत के आधार पर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार मृतक बच्ची दीपिका उत्तर प्रदेश के बरेली जिले की रहने वाली थी और अपने परिवार के साथ बद्दी के दखड़ू माजरा में किराए के मकान में रहती थी। बताया जा रहा है कि मां किसी बात को लेकर बच्ची से नाराज थी। आरोप है कि उसने बच्ची को खाना और दूध देने से मना कर दिया और उसके साथ मारपीट भी की।

बच्ची ने अपने पिता को बताया कि मां उसे बिना वजह पीट रही है और उसने बिस्कुट खाने की इच्छा जताई। इसके बाद पिता बिस्कुट लेने दुकान पर चले गए। इसी दौरान एक सब्जी विक्रेता ने उन्हें सूचना दी कि कमरे में बच्ची की पिटाई हो रही है। जब पिता तुरंत कमरे में पहुंचे, तो उनकी बेटी फर्श पर बेहोश पड़ी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को आशंका है कि बच्ची की गला घोंटकर हत्या की गई है। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।
डीएसपी बद्दी योगराज के अनुसार पिता के बयान के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि, बच्ची की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।












