
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। भारत ने एशियाई खेलों के पुरुष क्रिकेट के फाइनल में पाकिस्तान को 19 रन से हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 211 रन बनाए। इसके जवाब में पाकिस्तान ने छह विकेट पर 192 रन बनाए। इससे पहले सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा के तूफानी अर्धशतकों की मदद से भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ एशियाई खेलों के पुरुष क्रिकेट फाइनल में शनिवार को यहां टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुश्किल पिच पर छह विकेट पर 211 रन का बड़ा स्कोर बनाया। भारत की ओर से अभिषेक ने 28 गेंद पर 61 रन बनाए जिसमें तीन चौके और सात छक्के शामिल हैं। तिलक वर्मा ने आखिरी ओवरों में 22 गेंद पर नाबाद 51 रन की पारी खेली जिसमें तीन चौके और चार छक्के शामिल हैं।

उन्हें शिवम दुबे का अच्छा साथ मिला जिन्होंने 15 गेंद पर 27 रन बनाए। पाकिस्तान की तरफ से अहमद दानियाल (25 रन देकर दो) और अराफात मिन्हास (43 रन देकर दो) ने दो-दो विकेट लिए। पिछले साल पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले अभिषेक ने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद शानदार बल्लेबाजी की और 20 गेंद में अर्धशतक बनाकर विपक्षी टीम के स्पिन आक्रमण को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। अभिषेक ने धीमी गेंदबाजी का भरपूर फायदा उठाते हुए विकेट के दोनों तरफ बेफिक्र होकर से छक्के जड़े। अराफात ने अपनी गति में बदलाव करके अभिषेक को स्टंप आउट कराया। ईशान किशन (18 गेंदों में 20 रन) ने कप्तान श्रेयस अय्यर (24 गेंदों में 21 रन) के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 35 रन जोड़कर स्थिति संभाली। तिलक और दुबे ने आखिरी में शानदार बल्लेबाजी करते हुए स्पिनरों की जमकर धुलाई की। इन दोनों खिलाड़ियों ने छठे विकेट के लिए केवल पांच ओवरों में 62 रन जोड़े जबकि रन बनाना आसान नहीं था।
बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर सुफयान मोकिम के पारी के 18वें ओवर में 18 रन बने और फिर ऑफ स्पिनर साइम अयूब ने 19वें ओवर में 23 रन दिए। तेज गेंदबाज दानियाल ने आखिरी ओवर किया जिसमें 16 और रन बने। भारत ने स्पिनरों की मददगार पिच पर कुल 15 छक्के लगाए। भारत ने पावरप्ले में दो विकेट खोकर 81 रन बनाए। वैभव सूर्यवंशी (नौ गेंदों में 15 रन) ने लेग स्पिनर साद मसूद की गेंदों पर दो छक्के लगाए। सूर्यवंशी ऑफ स्पिनर अयूब की गेंद पर रिवर्स शॉट खेलने की कोशिश में आउट हो गए। उन्होंने इस 15 वर्षीय खिलाड़ी को आउट करने के बाद ‘रॉकिंग द बेबी’ शैली में जश्न मनाया। कप्तान अय्यर और किशन दोनों ही 11 से 15 ओवरों के बीच बड़े शॉट नहीं लगा पाए। किशन के तेज, सीधी और थोड़ी ज्यादा उछाल वाली गेंद पर बोल्ड होने के बाद लेग स्पिनर अबरार ने अय्यर की संघर्षपूर्ण पारी समाप्त की। इस तरह से दो विकेट पर 93 रन से भारत का स्कोर अचानक ही पांच विकेट पर 133 रन हो गया। जब ऐसा लग रहा था कि भारत 200 रन तक भी नहीं पहुंच पाएगा, तब तिलक और दुबे की जोड़ी ने आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार नमूना पेश किया।












