
गुरदासपुर (द स्टैलर न्यूज़)। बटाला के शास्त्री नगर के नज़दीक आज उस वक्त अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। जब 2 गुटों के बीच मामूली बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते एक खूनी झड़प में तब्दील हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई से निकलकर फायरिंग तक जा पहुंची। इस दौरान एक पक्ष के युवक ने दूसरे पक्ष के युवक पर सीधा गोली चला दी। गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, इस हिंसक झड़प में दूसरे पक्ष का भी एक युवक ज़ख्मी हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शास्त्री नगर के समीप 2 पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान एक पक्ष की ओर से गोली चलाए जाने की घटना सामने आई, जिसमें रोहित कुमार पुत्र दलबीर सिंह निवासी पहाड़ी गेट, बटाला की टांग में गोली लग गई। वहीं, दूसरे पक्ष का एक युवक भी झगड़े के दौरान सिर में चोट लगने से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए बटाला के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। गोली चलने की घटना के कारण इलाके में भय और तनाव का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में थाना सिटी बटाला के SHO गुरइकबाल सिंह ने बताया कि आज शास्त्री नगर के समीप दो पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था। इस दौरान रोहित कुमार निवासी पहाड़ी गेट की टांग में गोली लगी है, जबकि दूसरे पक्ष के एक युवक के सिर में चोट आई है। दोनों घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच गंभीरता से कर रही है।












