Friday, November 13, 2026
Home Crime जलालाबाद में कारोबारी के घर फायरिंग, वारदात CCTV में कैद जांच जारी

जलालाबाद में कारोबारी के घर फायरिंग, वारदात CCTV में कैद जांच जारी

जलालाबाद (द स्टैलर न्यूज़)। जलालाबाद में देर रात फायरिंग की खबर सामने आई है। यहां शहीद भगत सिंह कॉलोनी की गली नंबर-1 में 2 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए 4 नकाबपोश युवकों ने एक पेस्टिसाइड कारोबारी के घर पर 5 राउंड गोलियां चलाईं। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। हमलावरों ने घर के मुख्य गेट को निशाना बनाकर फायरिंग की थी। गोलियों के निशान गेट पर मिले, जबकि एक गोली गेट को पार करते हुए घर के अंदर दीवार में जा लगी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार, जिस समय बदमाशों ने फायरिंग की, उस वक्त कारोबारी और उनका परिवार घर के अंदर सो रहा था। रात में गोली चलने की आवाज के बावजूद परिवार को वारदात का पता नहीं चला। सुबह जब घर का मुख्य दरवाजा खोला गया तो गेट पर गोलियों के निशान दिखाई दिए।

Advertisements

इसके बाद परिवार को फायरिंग की जानकारी हुई। घर के अंदर दीवार पर भी गोली लगने का निशान मिला। पूरी वारदात घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शहीद भगत सिंह कॉलोनी निवासी गुरचरण लाल पुत्र पन्ना सिंह पेस्टिसाइड का कारोबार करते हैं। देर रात करीब 3 बजकर 17 मिनट पर 2 मोटरसाइकिलों पर सवार 4 युवक उनके घर के बाहर पहुंचे थे। चारों युवकों ने अपने चेहरे और सिर कपड़े से ढक रखे थे। खास बात यह भी थी कि दोनों मोटरसाइकिलों पर नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले गली में जाकर रेकी भी की थी।

बताया जा रहा है कि चारों युवक पहले गली में गए और आसपास की स्थिति देखने के बाद वापस लौटे। इसके बाद वे गुरचरण लाल के घर के बाहर रुके और मुख्य गेट पर लगातार 5 राउंड फायरिंग की। गोलियां चलाने के बाद सभी आरोपी दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। फायरिंग की घटना को लेकर मकान मालिक गुरचरण लाल ने हैरानी जताई है। उनका कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और उन्हें समझ नहीं आ रहा कि आखिर उनके घर को निशाना क्यों बनाया गया। कारोबारी ने किसी के साथ विवाद या रंजिश होने की बात से इनकार किया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद जलालाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here