
जम्मू कश्मीर (द स्टैलर न्यूज़)। जम्मू कश्मीर के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास एक खेत से संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन बरामद किया गया। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने तलाशी अभियान के दौरान अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब 800 मीटर दूर लालफामकिमा सीमा चौकी के पास से यह ड्रोन बरामद किया। इसकी पहचान ‘डीजेआई मैट्रिस 300 आरटीके’ के रूप में हुई है। अधिकारियों ने बताया कि बरामदगी के समय ड्रोन के साथ कोई पेलोड (सामान) नहीं मिला।

ड्रोन को विस्तृत जांच के लिए फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि जांच अधिकारी इस उपकरण का तकनीकी विश्लेषण करेंगे ताकि उसके मूल स्थान, स्वामित्व और संभावित उड़ान इतिहास के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। अधिकारियों ने बताया कि दिन के शुरुआती घंटों में सीमा पार से संदिग्ध ड्रोन की गतिविधि देखने के बाद बीएसएफ के जवानों ने तलाशी अभियान शुरू किया।












