
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के फाइनल में भारत ने जापान को 4-1 से हराकर शानदार जीत हासिल की है। इस मैच में टीम इंडिया ने हाफ टाइम तक 0-1 से पिछड़ रही थी। तीसरे क्वार्टर के अंत में स्कोर 1-1 था। आखिरी क्वार्टर में तबाही मचाते हुए टीम इंडिया ने यह मैच 4-1 से अपने नाम किया। इस टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए भारत ने यह मैच जीता है। मुकाबले की शुरुआत में जापान ने भारत को चौंकाते हुए तीसरे मिनट में ही मात्सुमोतो के गोल से 1-0 की बढ़त बना ली। शुरुआती बढ़त के बाद जापानी खिलाड़ियों ने भारतीय टीम पर दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने धैर्य नहीं खोया। पहले हाफ में पिछड़ने के बाद टीम इंडिया ने दूसरे हाफ में आक्रामक तेवर दिखाए और गोलों की झड़ी लगा दी।

दूसरे हाफ में भारतीय टीम ने मुकाबले की तस्वीर बदल दी। 42वें मिनट में शिलानंद लाकड़ा ने गोल कर भारत को 1-1 की बराबरी दिलाई। इसके बाद 48वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने गोल दागकर भारत को 2-1 से आगे कर दिया। 53वें मिनट में जुगराज सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर बढ़त 3-1 कर दी। इसके ठीक एक मिनट बाद सुखजीत सिंह ने चौथा गोल दागकर जापान की वापसी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। जापान ने शुरुआती बढ़त जरूर बनाई, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों की तेज रफ्तार, शानदार तालमेल और लगातार हमलों के सामने उसकी एक नहीं चली। अंतिम हूटर बजते ही भारतीय खिलाड़ियों ने जीत का जश्न मनाया और स्टेडियम तिरंगों व तालियों की गूंज से भर गया।
भारत ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। लीग चरण में टीम ने अपने पांचों मुकाबले जीते। इसके बाद सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 8-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। खिताबी मुकाबले में जापान को 4-1 से हराकर भारत ने अपना छठा एशियन चैंपियंस ट्रॉफी खिताब जीत लिया। मोहाली में मिली इस जीत ने पंजाब के हॉकी प्रेमियों के लिए भी इस टूर्नामेंट को यादगार बना दिया। जालंधर से शुरू हुआ हॉकी का उत्सव मोहाली में भारतीय टीम के छठे खिताब के साथ शानदार अंदाज में संपन्न हुआ।












