
श्रीनगर (द स्टैलर न्यूज़)। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में फेरबदल के तहत लोक भवन ऑडिटोरियम, श्रीनगर में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने अल्ताफ कालू, मीर सैफुल्लाह, शमीना फिरदौस और अली मोहम्मद सागर को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी इस अवसर पर मौजूद रहे। मंत्रिमंडल में फेरबदल से पहले पिछली कैबिनेट के सभी पांच मौजूदा मंत्रियों ने अपने इस्तीफे सौंप दिए थे, ताकि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला को मंत्रिमंडल के पुनर्गठन का अवसर मिल सके।

इस फेरबदल को जम्मू-कश्मीर सरकार में संगठनात्मक बदलाव और मंत्रियों के बीच जिम्मेदारियों के पुनर्वितरण के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस बीच, कांग्रेस पार्टी ने मंत्रिमंडल विस्तार में सरकार में शामिल नहीं होने का फैसला किया है। पार्टी ने जम्मू-कश्मीर के केंद्र शासित प्रदेश के दर्जे को इसका कारण बताया है। हालांकि, कांग्रेस ने राज्य का दर्जा बहाल होने तक सरकार को बाहर से समर्थन जारी रखने की बात कही है।










