
जम्मू (द स्टैलर न्यूज़)। जम्मू संभाग में संदिग्ध गुब्बारा और कबूतर मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई है। दोमाना के घो मन्हासा इलाके में एक निजी बैंक्वेट हाल के पास पीआइए लिखा जहाजनुमा गुब्बारा मिला, जबकि सांबा के सीमावर्ती गांव मावा में काली माता मंदिर के पास पैर में कोड नंबर वाला छल्ला पहने एक कबूतर मिला। दोमाना पुलिस थाना क्षेत्र के घो मन्हासा इलाके में एक निजी बेंक्विट हाल के पास एक पाकिस्तानी गुब्बारा मिलने की सूचना सामने आई है। स्थानीय निवासी ने गुब्बारा देखने के बाद इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी।

घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस के अनुसार महावीर बस्ती, घौ मनहासन निवासी एक व्यक्ति ने सूचना दी कि बेंक्विट हाल के पास जहाजनुमा गुब्बारा मिला है, जिस पर पीआइए लिखा हुआ है। यह इलाका पुलिस चौकी सांदवा के अधिकार क्षेत्र में आता है। गुब्बारे को पाकिस्तानी बताया जा रहा है। हालांकि, इसके संबंध में अन्य विवरण सामने आना बाकी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।












