
हिमाचल प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के स्वागत की तैयारियों में जुटे हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष चंद्रमणि कुलेठी की करंट लगने से मौत होने का समाचार प्राप्त हुआ है। चंद्रमणि की मौत की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जिस स्थान के आसपास वह मुख्यमंत्री के स्वागत की तैयारियों में जुटे थे, वहीं वीरवार को मुख्यमंत्री की जनसभा होनी थी। चंद्रमणि कुलेठी पुत्र धर्म चंद कुलेठी निवासी होली मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर स्वागत की तैयारियों में जुटे हुए थे।

इसी दौरान देर रात करीब 11 बजे वन विश्राम गृह के पास बिजली के खंभे के संपर्क में आने से वह करंट की चपेट में आकर बेहोश हो गए। साथियों ने बिना देर किए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र होली पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की वीरवार को होली में जनसभा प्रस्तावित थी। इसके लिए स्वागत की तैयारियां की जा रही थीं। इसी दौरान हुए हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। युवा कांग्रेस के पदाधिकारी की असमय मौत से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी शोक का माहौल है।












