
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। भारत को आइची-नागोया में खेले जा रहे पैरा एशियन गेम्स-2026 में बड़ी सफलता मिली है। पैरा निशानेबाजी में भारत के हिस्से दो मेडल आए हैं। महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच1 के फाइनल में मोना ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया तो वहीं अवनि लेखरा ने सिल्वर जीता है। दोनों के बीच अच्छी टक्कर देखने को मिली और मोना ने अंत में 250.0 का स्कोर करते हुए गोल्ड मेडल जीता। वहीं, अवनि 249.6 के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर रहते हुए सिल्वर मेडल जीतने में सफल रहीं। फाइनल में अवनि ने 53.2 का स्कोर करते हुए शुरुआती बढ़त ले ली थी।

दूसरी सीरीज में उन्होंने 104.8 के स्कोर के साथ अपनी बढ़त कायम रखी। वहीं, मोना 102.9 के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर थीं। इसके बाद मोना ने अंकों के अंतर को पाटने की कोशिश की। तीसरी सीरीज के दूसरे स्टेज में मोना 165.7 के स्कोर के साथ दूसरे पर थीं तो वहीं अवनि 167.2 के साथ पहले नंबर पर ही थीं। मोना ने हार नहीं मानी और आखिरी सीरीजों में वापसी करते हुए काफी करीबी अंतर से गोल्ड अपने नाम किया।












