
मुंबई (द स्टैलर न्यूज़)। मुंबई के जुहू इलाके में सुपरस्टार अजय देवगन के बंगले पर बीएमसी ने पीला पंजा चलाया है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने जुहू स्थित उनके बंगले के कुछ हिस्सों को तोड़ दिया है। आरोप है कि यहां जरूरी मंजूरी के बिना निर्माण और बदलाव किए जा रहे थे। इससे पहले नगर निगम की तरफ से काम रोकने का नोटिस भी जारी किया गया था। ये कार्रवाई बीएमसी द्वारा ‘स्टॉप-वर्क’ नोटिस जारी किए जाने के कुछ दिनों बाद की गई है।

अजय देवगन का यह बंगला मुंबई के जुहू इलाके में स्थित कपोल को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी में है। इसका क्षेत्रफल करीब 7,802 वर्ग फुट बताया गया है। नगर निगम के मुताबिक, बंगले के अंदर कई तरह के बदलाव किए जा रहे थे। इनमें अंदरूनी हिस्सों में फेरबदल, पार्टिशन वॉल यानी विभाजन के लिए दीवारें खड़ी करना, खिड़कियों में बदलाव और अन्य निर्माण कार्य शामिल थे। बीएमसी का कहना है कि इन कामों के लिए जरूरी नगरपालिका की अनुमति नहीं ली गई थी।












