
जंडियाला गुरु (द स्टैलर न्यूज़)। जंडियाला गुरु थाना क्षेत्र के अंतर्गत आते गहिरा मंडी इलाके में चाय-पकौड़े की दुकान पर फायरिंग का मामला सामने आया है। इस घटना में युवक के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। युवक की पहिचान जोबनजीत सिंह से हुई है। जोबनजीत को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारी हरपाल सिंह के अनुसार, घायल युवक अपने पिता और चाचा के साथ गहिरा मंडी में चाय-पकौड़े की दुकान चलाता है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि किसी बात को लेकर हुई कहासुनी के बाद फायरिंग की गई। पुलिस ने इस मामले में नजदीकी गांव देवीदासपुरा के रहने वाले राहुल पर आरोप लगने की बात कही है। पुलिस के अनुसार घायल के बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पहले गाली-गलौज, फिर लौटकर की फायरिंग घायल युवक के पिता सरबजीत सिंह ने बताया कि उनका बेटा सड़क पार कर रहा था, तभी आरोपी तेज रफ्तार कार में वहां पहुंचा और कथित तौर पर गाली-गलौज करने के बाद गोली चला दी। विरोध करने पर आरोपी वहां से फरार हो गया। सरबजीत सिंह के अनुसार, कुछ समय बाद आरोपी स्कूटर पर वापस आया और कथित तौर पर लगातार 4 गोलियां चलाईं। इनमें से एक गोली उनके छोटे बेटे जोबनजीत सिंह के पैर में लगी। इसके बाद उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इलाके में बढ़ती गुंडागर्दी पर जताई चिंता घायल के पड़ोसी मुख्तियार सिंह ने घटना पर रोष जताते हुए कहा कि इलाके में आपराधिक तत्वों के हौसले बढ़ रहे हैं। फायरिंग जैसी घटनाओं से आम लोगों में डर का माहौल बन रहा है। पीड़ित परिवार और इलाके के लोगों ने पुलिस प्रशासन से आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।












