
जम्मू/राजौरी (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-अनिल भारद्वाज। जम्मू संभाग के अंतर्गत जिला राजौरी के पत्रकार सुमित भार्गव को रक्षा संवाददाता पाठ्यक्रम (डीसीसी) सफलतापूर्वक पूरा करने पर जिले के मीडिया जगत की ओर से सम्मानित किया गया। प्रेस एसोसिएशन राजौरी के सदस्यों सहित मीडिया जगत से जुड़े पत्रकारों ने उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

रक्षा मंत्रालय के जनसंपर्क निदेशालय (डीपीआर) की ओर से आयोजित इस पाठ्यक्रम को सफलतापूर्वक पूरा करना सुमित भार्गव के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। वह सीमावर्ती पीर पंजाल क्षेत्र से यह पाठ्यक्रम पूरा करने वाले पहले पत्रकार हैं। सुमित की इस उपलब्धि को क्षेत्र के पत्रकारिता जगत के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। मीडिया जगत के सदस्यों ने कहा कि उनकी सफलता से सीमावर्ती क्षेत्र के अन्य पत्रकारों को भी आगे बढ़ने और अपनी पेशेवर दक्षता बढ़ाने की प्रेरणा मिलेगी।











