
राजस्थान (द स्टैलर न्यूज़)। राजस्थान के कोटा जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर श्रद्धालुओं से भरी एक टेंपो ट्रैवलर हादसे का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में करीब 8 लोगों की मौत की खबर है, जबकि 15 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब साढ़े 6 बजे सीमलिया थाना क्षेत्र में यह हादसा हुआ। भोपाल से श्रद्धालु टेंपो ट्रैवलर में सवार होकर खाटूश्यामजी के दर्शन करने जा रहे थे। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर नाले के ऊपर बने पुल से टकराया और करीब 15 फीट नीचे जा गिरा।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कई यात्री वाहन के अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों, पुलिस और राहत दल ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। यात्रियों को बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। प्रशासन के अनुसार गंभीर रूप से घायल यात्रियों को आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
वहीं, शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि वाहन चलाते समय चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें राहत कार्य और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाने में लगी हुई हैं। इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है।












