
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। सरकारी कॉलेज, होशियारपुर के प्रधानाचार्या डॉ. सविता गुप्ता के नेतृत्व में इंटर्नशिप सैल द्वारा विद्यार्थियों को व्यावहारिक और औद्योगिक अनुभव प्रदान करने के लिए ‘द स्टैलर न्यूज’ होशियारपुर, के साथ समझौता किया गया था। इसके तहत हिंदी विभाग के 10 विद्यार्थियों ने ‘द स्टैलर न्यूज’ होशियारपुर में सफलतापूर्वक अपनी इंटर्नशिप पूर्ण की। इस इंटर्नशिप के दौरान विद्यार्थियों ने समाचार संकलन, तथ्य-जाँच, समाचार की भाषा, शीर्षक लेखन, समाचार प्रस्तुतीकरण का अनुभव, रिपोर्टिंग एवं साक्षात्कार के माध्यम से सूचनाएँ एकत्रित करने की तकनीक, संचार कौशल, रचनात्मक लेखन, आत्मविश्वास तथा मीडिया क्षेत्र में रोजगार की समझ आदि अन्य महत्त्वपूर्ण व्यावहारिक जानकारियाँ प्राप्त कीं, जोकि उनके भविष्य में लाभकारी सिद्ध होंगी। ‘द स्टैलर न्यूज’, होशियारपुर की तरफ से मुख्य संपादक संदीप शर्मा (डोगरा) ने विद्यार्थियों को इंटर्नशिप सार्टिफिकेट प्रदान किए।

प्रधानाचार्या, हिन्दी विभाग के अध्यापकों और नोडल अफसर और कॉर्डिनेटर इंटर्नशिप सैल द्वारा विद्यार्थियों को बधाई दी गई। इस अवसर पर प्रधानाचार्या डॉ. सविता गुप्ता, प्रो. रंजना जीड़ (नोडल अफ़सर, इंटरनिशप सैल), प्रो. सरोज शर्मा (हिंदी विभाग अध्यक्ष), कॉर्डिनेटर प्रो. सुखविंदर सिंह और विद्यार्थी भी उपस्थित रहे।











