
चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़)। अमरिंदर राजा वड़िंग के पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद नए प्रधान का एलान हो गया। परगट सिंह को पंजाब कांग्रेस का नया प्रधान नियुक्त किया है। पंजाब कांग्रेस में लंबे समय से चल रही अंदरूनी खींचतान के बीच कांग्रेस हाईकमान ने बड़ा संगठनात्मक फैसला लिया है। अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की जगह परगट सिंह को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कांग्रेस महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं।

परगट सिंह की नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब पिछले कई महीनों से पंजाब कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष बदलने को लेकर लगातार चर्चा चल रही थी। पहले विजय इंदर सिंगला का नाम अध्यक्ष पद के लिए सबसे आगे चल रहा था। पार्टी के भीतर सिंगला के नाम को लेकर लंबे समय से मंथन भी चल रहा था। इसके अलावा सुखजिंदर सिंह रंधावा, गुरजीत सिंह औजला, सुखबिंदर सिंह सरकारिया और परगट सिंह के नाम भी चर्चा में थे। राजा वड़िंग ने नई दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात कर प्रदेश अध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा औपचारिक रूप से सौंप दिया। मुलाकात में उन्होंने पंजाब कांग्रेस की स्थिति और पिछले साढ़े चार वर्षों के अपने अनुभव से हाईकमान को अवगत कराया।












