
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। उत्तर-पश्चिमी सीरिया में एक छोटी यात्री बस पर हमलावरों की गोलीबारी में करीब सात लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पश्चिमी सीरिया के होम्स प्रांत में मसयाफ पुल के पास बुधवार देर रात बस पर गोलीबारी की गई। हमले का मकसद तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका है और किसी संगठन ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है। सीरियाई अधिकारियों ने किसी व्यक्ति या संगठन को हमले का संदिग्ध नहीं बताया है। अधिकारियों ने बताया कि मारे गए और घायल हुए लोग एक कंपनी के कर्मचारी थे, जो काम खत्म करने के बाद अपने घर लौट रहे थे।

हमले के बाद बचावकर्मियों ने घायलों और मृतकों को होम्स शहर के आसपास के अस्पतालों में पहुंचाया। सुरक्षाबलों ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। बस के अंदर खून के निशान और टूटे हुए शीशे दिखाई दे रहे थे। होम्स में आंतरिक सुरक्षा बलों के कमांडर ब्रिगेडियर जनरल बासेम मोहम्मद शाबान ने ‘सना’ से कहा, ”हम इस कायरतापूर्ण हमले को होम्स की सुरक्षा को कमजोर करने और पूरे प्रांत में विभिन्न उपायों के जरिए मजबूत की गई सुरक्षा व्यवस्था को अस्थिर करने की कोशिश के तौर पर देखते हैं।”












