Wednesday, September 30, 2026
Home Jammu & Kashmir सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, CRPF ने किया संयुक्त तलाशी अभियान...

सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, CRPF ने किया संयुक्त तलाशी अभियान शुरू

जम्मू-कश्मीर (द स्टैलर न्यूज़)। जम्मू-कश्मीर के बडगाम से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। यूसमर्ग के ऊंचाई वाले कोराग इलाके में मंगलवार, 29 सितंबर को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। खुफिया इनपुट मिलने के बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF ने इलाके में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया था। इसी दौरान सुरक्षाबलों को संदिग्ध गतिविधि नजर आई। जवानों ने जब आतंकियों को चुनौती दी, तो आतंकियों की ओर से फायरिंग शुरू कर दी गई।

Advertisements

जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया। सेना के मुताबिक, मारा गया आतंकी प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा था। उसकी पहचान लश्कर कमांडर मूसा के तौर पर की गई है। मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। गुरवेतकलां गांव में भी आतंकियों की मौजूदगी की सूचना के बाद इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन जारी है।

सेना की चिनार कॉर्प्स के मुताबिक, अभियान अभी खत्म नहीं हुआ है। सुरक्षाबल यह सुनिश्चित करने में जुटे हैं कि इलाके में कोई और आतंकी मौजूद न हो। बताया जा रहा है कि मूसा लंबे समय से सुरक्षाबलों के रडार पर था। इसी महीने यूसमर्ग इलाके में हुई एक अन्य कार्रवाई में यासिर नाम के आतंकी के मारे जाने की भी जानकारी सामने आई थी, जिसे मूसा का करीबी बताया गया था। फिलहाल सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी है और मुठभेड़ स्थल से बरामदगी को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here