Thursday, November 12, 2026
Home Jammu & Kashmir किश्तवाड़ में लापता दो SPO के गोलियों से छलनी श-व बरामद, हथियार...

किश्तवाड़ में लापता दो SPO के गोलियों से छलनी श-व बरामद, हथियार गायब, आतंकी साजिश की आशंका

जम्मू-कश्मीर (द स्टैलर न्यूज़)। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में बुधवार से लापता 2 विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) के शव मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। दोनों के शव गोलियों से छलनी हालत में बरामद किए गए हैं। खास बात यह है कि उनके सर्विस हथियार मौके से नहीं मिले हैं। इससे घटना में आतंकियों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अधिकारियों ने अभी किसी आतंकी हमले की पुष्टि नहीं की है। 

Advertisements

मृतकों की पहचान 57 वर्षीय बाबी चंद और 45 वर्षीय रशपाल कुमार के रूप में हुई है। दोनों स्थानीय पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) में तैनात थे। उनके लापता होने के बाद से ही पुलिस और सेना ने बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया था। अधिकारियों के अनुसार, बाबी चंद और रशपाल कुमार किश्तवाड़ के दच्छन क्षेत्र के कियार गांव में स्थानीय पुलिस के एसओजी के साथ तैनात थे। बुधवार को दोनों अपने कैंप से धरना-मरवाह स्थित सेना की एक पोस्ट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वे लापता हो गए।

शुरुआत में दोनों के मोबाइल फोन पर संपर्क हो रहा था, लेकिन कुछ समय बाद उनके फोन बंद हो गए। इससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई और उनकी तलाश के लिए व्यापक अभियान शुरू किया गया। तलाशी के दौरान अतिरिक्त पुलिस और सेना के जवानों को भी तैनात किया गया। कई टीमों को जंगलों और दुर्गम पहाड़ी इलाकों में भेजा गया। लापता जवानों की तलाश के लिए सुरक्षा बलों ने कियार गांव के आसपास और धरना-मरवाह जाने वाले रास्ते के बड़े हिस्से को अभियान के दायरे में शामिल किया। दुर्गम जंगलों और पहाड़ी क्षेत्रों की निगरानी के लिए ड्रोन की मदद ली गई, जबकि जमीनी टीमों के साथ खोजी कुत्तों को भी लगाया गया।

सुरक्षा बलों की टीमें घने जंगलों, प्राकृतिक रास्तों और दूरदराज के इलाकों में तलाशी ले रही थीं। अधिकारियों के अनुसार, दोनों के लापता होने की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। दोनों एसपीओ के शव मिलने के बाद उनके सर्विस हथियार गायब होने का मामला जांच का अहम हिस्सा बन गया है। अधिकारियों ने बताया कि हथियार नहीं मिलने से आतंकियों की संलिप्तता की आशंका पैदा हुई है। हालांकि, उन्होंने फिलहाल इस घटना को आतंकी गतिविधि से जोड़ने में सावधानी बरतने को कहा है। उनका कहना है कि जांच पूरी होने और सभी तथ्य सामने आने से पहले किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

किश्तवाड़ जिले के दूरदराज और घने जंगलों वाले इलाकों में आतंकियों की मौजूदगी सुरक्षा एजेंसियों के लिए लंबे समय से चुनौती बनी हुई है। यहां सुरक्षा बल लगातार आतंकवाद विरोधी अभियान चला रहे हैं। पिछले कुछ अभियानों में कई सक्रिय आतंकियों को मार गिराया गया है, जिससे जिले में उनकी मौजूदगी कमजोर हुई है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में आतंकी घटनाओं में 4 आतंकियों और सेना के एक जवान समेत कुल 5 लोगों की मौत हुई है. वर्ष 2025 में 3 आतंकियों और सेना के एक जवान समेत चार लोगों की जान गई थी। वहीं, वर्ष 2024 में 3 सुरक्षाकर्मियों और 2 नागरिकों की मौत हुई थी।

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में लापता हुए 2 विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) के शव बरामद किए गए हैं। किश्तवाड़ से भाजपा विधायक शगुन परिहार ने इस घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि दोनों एसपीओ के लापता होने की सूचना पिछली रात मिली थी। इसके बाद सुबह करीब 8 बजे एक और 9 बजे दूसरे एसपीओ का शव बरामद हुआ। विधायक ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान अपनी नापाक साजिशों से बाज नहीं आ रहा है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री से दोनों एसपीओ की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों को जल्द सजा दिलाने की अपील की। साथ ही उन्होंने मांग की कि इस घटना का 4 गुना कड़ा जवाब दिया जाए। शगुन परिहार ने बताया कि वह घटनास्थल के लिए रवाना हो रही हैं। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों की तलाश के लिए सुरक्षा बलों का अभियान लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। सुरक्षा बल उन आतंकियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चला रहे हैं, जिन्होंने सीआरपीएफ की एक टीम पर हमला किया था। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here