Thursday, November 12, 2026
Home Crime थार व ट्राॅले की टक्कर में मां-बेटे की मौत, पिता घायल

थार व ट्राॅले की टक्कर में मां-बेटे की मौत, पिता घायल

हरियाणा (द स्टैलर न्यूज़)। मंगलवार की रात, पिपली-शाहाबाद जीटी रोड पर गाँव रतनगढ़ के पास, जब व्यापारी रोबिन गुप्ता अपनी पत्नी महक और महज़ 3 साल के मासूम बेटे विहान के साथ लौट रहे थे, तभी एक भीषण टक्कर ने सब कुछ बदल कर रख दिया। इस दर्दनाक हादसे में माँ महक और मासूम विहान गुप्ता की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि परिवार के मुखिया रोबिन गुप्ता जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। जहाँ इस दिन घरों में दीयों की रोशनी और भाई-बहन के प्यार का जश्न होना चाहिए था, वहाँ शाहाबाद क्षेत्र में इस हृदयविदारक घटना ने हर आँख को नम कर दिया है। एक पल में एक मासूम का बचपन और एक माँ का आँचल हमेशा के लिए छिन गया।

Advertisements

जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर की रात करीब 10 बजे व्यापारी रोबिन गुप्ता पत्नी महक और 3 वर्षीय बेटे विहान गुप्ता के साथ मन्नत हवेली से खाना खाकर अपनी नई थार गाड़ी में शाहाबाद लौट रहे थे। जब वे गांव रतनगढ़ के पास पहुंचे तो थार की आगे चल रहे एक  ट्रॉले से भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि थार के परखच्चे उड़ गए और महक व मासूम विहान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में रोबिन गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि रोबिन गुप्ता ने करीब एक सप्ताह पहले ही नई गाड़ी खरीदी थी।

बुधवार को बराड़ा रोड स्थित स्वर्गाश्रम में जब मां महक और बेटे विहान की चिताएं एक साथ जलीं, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। इस हृदयविदारक घटना पर अग्रवाल सभा शाहाबाद के प्रधान अनिल गर्ग गोलपुरा, देवी मंदिर के प्रधान पवन गर्ग, उद्योगपति आरडी. गुप्ता, नगरपालिका प्रधान डॉ. गुलशन कवातरा, राकेश गोयल आर्किटेक्ट, विजय भूषण गर्ग, डॉ. छवि प्रकाश शर्मा, बसंत गुप्ता, आशुतोष गर्ग, पार्षद पंकज सिंगला, पार्षद अमित सिंघल, भाजपा नेता राजेश चावला, पूर्व नपा प्रधान हरीश कवातरा व बलदेव राज चावला सहित विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here