
हिमाचल प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में बीड़-बिलिंग पैराग्लाइडिंग स्थल पर दो लोगों के साथ उड़ान भर रहे एक पैराग्लाइडर से गिरने के बाद नोएडा के 26 वर्षीय पर्यटक की मौत हो गई। मृतक की पहचान शुभम डोबलियाल के रूप में हुई है। वह अपनी बहन और तीन चचेरे-ममेरे भाइयों के साथ हिमाचल प्रदेश घूमने आया था। पुलिस ने बताया कि बिलिंग से उड़ान भरने के करीब छह मिनट बाद यह हादसा हुआ। शुभम स्थानीय पायलट विनय कुमार के साथ टैंडम पैराग्लाइडिंग उड़ान पर था। अधिकारियों ने बताया कि पायलट सुरक्षित उतरने में कामयाब रहा, जबकि शुभम कथित तौर पर पैराग्लाइडर से गिरकर निर्धारित लैंडिंग स्थल के पास घने जंगल वाले इलाके में जा गिरा।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अधिकारियों ने तलाशी एवं बचाव अभियान शुरू किया। दुर्गम क्षेत्र और अंधेरा होने के बावजूद बचाव दल देर शाम तक अभियान में जुटे रहे और अंततः पर्यटक का शव बरामद कर लिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। लापरवाही के कारण मौत होने से संबंधित आरोपों में बीड़ थाने में पायलट के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने कहा कि तकनीकी खराबी या मानवीय चूक की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।












