
बारामूला (द स्टैलर न्यूज़)। बारामूला जिले के क्रीरी इलाके के कलांत्रा पायीन गांव में मां के साथ सेब के बाग में गए 6 वर्षीय मासूम बच्चे को तेंदुए ने हमला कर दिया। जिस कारण मासूम की मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, बच्चा अपनी मां के साथ बाग में मौजूद था, तभी अचानक तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया और उसकी गर्दन पर गंभीर चोटें पहुंचाईं। मां की चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल बच्चे को तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर जाया गया।

वहां से उसे सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल (SDH) क्रीरी रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतक बच्चे की पहचान किफायत रमजान भट के रूप में हुई है। उसके पिता मजदूरी करते हैं। किफायत परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी दो बहनें हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार, इलाके में पहले भी तेंदुए के हमलों की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।












