Friday, October 30, 2026
Home Jammu & Kashmir जम्मू-श्रीनगर हाइवे पर हादसा, पहाड़ी से पत्थर गिरने से टेंपो सवार 2...

जम्मू-श्रीनगर हाइवे पर हादसा, पहाड़ी से पत्थर गिरने से टेंपो सवार 2 की मौत, 5 घायल

जम्मू-कश्मीर (द स्टैलर न्यूज़)। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन जिले के रामसू क्षेत्र में हुए दर्दनाक हादसे में एक टेंपो पर पहाड़ी से विशाल बोल्डर गिर जाने से दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद कुछ समय के लिए राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य चलाया तथा मलबा हटाकर सड़क को यातायात के लिए बहाल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार टेंपो (जेके06बी-9842) श्रीनगर से डोडा जिले की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन रामसू क्षेत्र में पहुंचा, अचानक पहाड़ी से एक विशाल बोल्डर लुढ़ककर सीधे टेंपो पर आ गिरा। बोल्डर की चपेट में आने से वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

Advertisements

सभी पीड़ित डोडा जिले के कास्तीगढ़ क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) रामसू पहुंचाया गया, जबकि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम एवं अन्य कानूनी औपचारिकताओं के लिए अस्पताल भेज दिया गया। बचाव अभियान के दौरान क्षतिग्रस्त टेंपो को क्रेन की सहायता से सड़क से हटाया गया। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर गिरे मलबे और पत्थरों को हटाने का कार्य शुरू किया गया ताकि यातायात सामान्य किया जा सके। अधिकारियों ने बताया कि सड़क को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here