
हिमाचल प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर में सेना के लिए अत्याधुनिक ड्रोन तैयार करने के प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा में आए बहुतकनीकी संस्थान हमीरपुर, बड़ू के छात्र सर्वेश शर्मा के साथ हादसा हो गया। मिली जानकारी मुताबक सर्वेश हॉस्टल की तीसरी मंजिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज हमीरपुर लाया गया, जहां कैजुअल्टी वार्ड में भर्ती किया गया है। छात्र की हालत नाजुक बताई जा रही है और बेहतर उपचार के लिए उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर करने की तैयारी की जा रही है। छात्र सर्वेश को साढ़े तीन करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट मिला था।

जानकारी के अनुसार, छात्र को चक्कर आने के कारण संतुलन बिगड़ने से नीचे गिरने की आशंका है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डा. देशराज शर्मा ने बताया कि बहुतकनीकी संस्थान के एक छात्र के गिरकर घायल होने के बाद उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है, जहां इलाजा जारी है। सरकार की ओर से सर्वेश शर्मा का निश्शुल्क उपचार करने के निर्देश मिले हैं। इसी के तहत उसे आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।












