Wednesday, October 21, 2026
Home Himachal संगरोह खुर्द में आसमानी बिजली से गौशाला जलकर राख, लाखों का नुकसान

संगरोह खुर्द में आसमानी बिजली से गौशाला जलकर राख, लाखों का नुकसान

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा। रविवार रात को तेज बारिश के साथ गिरी आसमानी बिजली ने ग्राम पंचायत समीरपुर के गांव संगरोह खुर्द में भारी तबाही मचाई। सीता देवी पत्नी स्व. अमर सिंह की गौशाला पर बिजली गिरने से आग लग गई, जिससे गौशाला पूरी तरह जलकर राख हो गई और अंदर बंधी एक गर्भवती गाय की झुलसने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में लाखों रुपये का नुकसान आंका जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सीता देवी को जब आग का पता चला तब तक आग बेकाबू हो चुकी थी। उन्होंने गाय को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन दुर्भाग्यवश उसी समय गौशाला की छत ढह गई और गाय की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

Advertisements

हालांकि सीता देवी खुद भी आग की लपटों में आ गईं, लेकिन वे बाल-बाल बच गईं। उन्हें मामूली झुलसने की चोटें आई हैं। पंचायत प्रधान चंद्रमोहन ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस, पटवारी और पशु चिकित्सक डॉ. अनिल ठाकुर को दी। पुलिस चौकी अवाहदेवी के प्रभारी संदीप अवस्थी ने घटना की पुष्टि की है। गांववासियों का कहना है कि प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की जा रही है, ताकि पीड़ित परिवार को राहत मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here