
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। आज होशियारपुर में एक विशेष संवाद सत्र (Interaction Session) का आयोजन किया गया, जिसमें पत्रकारों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने हिस्सा लिया। इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा ने होशियारपुर में करवाए गए विकास कार्यों का पूरा रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखा। उन्होंने पत्रकारों और डिजिटल मीडिया के साथियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में हर काम की निष्पक्ष जांच और समीक्षा होनी चाहिए। इसलिए वे मीडिया से अपील करते हैं कि वे उनके कार्यकाल के सरकारी रिकॉर्ड देखें, जांच करें और जनता के सामने सही तथ्य रखें।

सुंदर शाम अरोड़ा ने कहा कि जनता ने उन्हें सेवा का अवसर दिया था और उन्होंने हमेशा लोगों की जरूरतों को प्राथमिकता दी। अपने मंत्री और विधायक कार्यकाल के कार्यों को याद करते हुए उन्होंने बताया कि शहर की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, कम्युनिटी सेंटर, युवाओं व बुजुर्गों के लिए ओपन जिम, साइकिल ट्रैक, बहुउद्देशीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, बस क्यू शेल्टर, सिविल अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट और 2 फायर ब्रिगेड गाड़ियां जैसी मूलभूत सुविधाएं शहर को समर्पित की गईं। इसके साथ ही महिलाओं की सुविधा के लिए 38 ई-रिक्शा और 6 वोल्वो बसों का प्रबंध किया गया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा और महिला सशक्तिकरण उनकी प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर रहे। ‘प्रोजेक्ट समर्पण’ के तहत होशियारपुर पंजाब का पहला ऐसा जिला बना जहां सभी प्राइमरी स्कूलों के बच्चों के लिए बेंचों की व्यवस्था की गई। 33 स्कूलों में रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए गए और सरकारी कॉलेज में 7 करोड़ रुपये की लागत से मॉडर्न लाइब्रेरी व गर्ल्स हॉस्टल का काम शुरू करवाया गया। वहीं, ‘मिशन फतेह’ के तहत 38 महिलाओं को 50 लाख रुपये की सरकारी ग्रांट से ई-रिक्शा देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया गया और सिविल अस्पताल में ‘वन स्टॉप सेंटर’ की नींव रखी गई।
इन्फ्रास्ट्रक्चर और उद्योगों का जिक्र करते हुए अरोड़ा ने बताया कि 22 करोड़ रुपये की लागत से 66 केवी अंडरग्राउंड बिजली केबल और रिंग मेन सिस्टम लगाकर होशियारपुर को पंजाब का पहला ऐसा शहर बनाया गया, जिससे 56,000 से अधिक उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली मिली। इसके अलावा लुधियाना-चंडीगढ़ हाईवे से हाई-टेक साइकिल वैली को जोड़ने वाली सड़क का काम शुरू करवाकर 1500 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश और रोजगार के नए रास्ते खोले गए।












