
राजौरी (द स्टैलर न्यूज़)। राजौरी जिले के भिंडी जमोला इलाके में एक सड़क हादसा होने की खबर है। जहां टाटा मैजिक वाहन में सवार 16 यात्री घायल हो गए। बताया जा रहा है कि वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाया गया था। जिस वाहन में 10 यात्रियों को बैठाने की क्षमता बताई जा रही है, उसमें 16 यात्री सवार थे। ऐसे में ओवरलोडिंग को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।

हालांकि, हादसे के कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। हादसे के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय (जी.एम.सी.) राजौरी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम उनका उपचार कर रही है। जी.एम.सी. राजौरी के उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जावेद इकबाल ने घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उपचार संबंधी जानकारी ली। उन्होंने बताया कि हादसे में घायल सभी 16 मरीजों की हालत स्थिर है। चिकित्सकों की टीम घायलों की निगरानी कर रही है और उन्हें आवश्यक उपचार उपलब्ध करवाया जा रहा है।












