
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत रत्न देने की मांग उठी है। भाजपा के राज्यसभा सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी ने कहा कि देश के प्रति समर्पण और निस्वार्थ सेवा के लिए प्रधानमंत्री मोदी सर्वोच्च नागरिक सम्मान के हकदार हैं। उन्होंने यह मांग केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में की। दिल्ली में ‘मन की बात’ पर आधारित 76 चित्रों की प्रदर्शनी के उद्घाटन के अवसर पर साहनी ने कहा कि भारत के प्रति नरेंद्र मोदी के समर्पण और निस्वार्थ सेवा को देखते हुए उन्हें भारत रत्न दिया जाना चाहिए।

वर्ल्ड पंजाबी ऑर्गनाइजेशन की ओर से आयोजित इस प्रदर्शनी में कलाकार मनजीत सिंह की बनाई 76 पेंटिंग्स प्रदर्शित की गई हैं। आयोजकों के अनुसार, इन चित्रों के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी की 25 साल की सार्वजनिक सेवा को दर्शाया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने प्रदर्शनी का दौरा किया। इस दौरान प्रधानमंत्री की सार्वजनिक सेवा पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई। शाह ने कलाकार मनजीत सिंह को सम्मानित किया।












