Thursday, October 29, 2026
Home Latest कैंसर की 543 दवाएं हुई सस्ती, 80 हजार का इंजेक्शन अब 7...

कैंसर की 543 दवाएं हुई सस्ती, 80 हजार का इंजेक्शन अब 7 हजार में मिलेगा, 9 नवंबर से होंगी नई दरें लागू

दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) के निर्देश के बाद दवा कंपनियों ने कैंसर दवाओं के 543 फार्मुलेशन के दाम घटा दिए हैं। ट्रेड मार्जिन रैशनलाइजेशन (टीएमआर) ढांचे के तहत की गई इस कटौती में कुछ दवाओं की कीमतों में 90 प्रतिशत से भी अधिक की कमी आई है। संशोधित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) नौ नवंबर से लागू होंगे। इससे देशभर के कैंसर मरीजों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। एनपीपीए के निर्देश पर 137 कैंसर दवाओं के 543 फार्मुलेशन की एमआरपी फिर से निर्धारित की गई है। इन दवाओं के लिए सरकार की ओर से पहले कोई अधिकतम मूल्य सीमा तय नहीं थी। रुपयों के हिसाब से सबसे बड़ी कटौती थियोटेपा में हुई है।

Advertisements

यह एक कीमोथेरेपी इंजेक्शन है, जिसका इस्तेमाल स्टेम सेल ट्रांसप्लांट से पहले और ब्लैडर कैंसर के इलाज में किया जाता है। सैमटेपा की 100 एमजी की शीशी की कीमत ₹80,071.86 से घटकर ₹7,150.33 हो गई है, यानी इसमें ₹72,921.53 (91.1 प्रतिशत) की कमी आई है। प्रतिशत के हिसाब से सबसे बड़ी गिरावट स्तन कैंसर की दवा पाल्बोसाइक्लिब में देखी गई है। पाल्बोप्रो 125 एमजी के 21 कैप्सूल वाले पैक की कीमत 93.3 प्रतिशत घटकर ₹40,421.33 से ₹2,720 हो गई है। एनपीपीए का अनुमान है कि मरीजों के अपनी जेब से होने वाले खर्च में सालाना ₹2,500 करोड़ से ₹3,500 करोड़ की बचत होगी। यह आदेश ऐसे समय में आया है जब सुप्रीम कोर्ट दवाओं की कीमतों पर व्यापक नियंत्रण लगाने पर विचार कर रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here