
लुधियाना (द स्टैलर न्यूज़)। लुधियाना में एक रेस्टोरेंट के बाहर मां और साढ़े 3 साल के मासूम बेटे के साथ बैठे पूर्व कांग्रेसी कार्यकर्ता व मौजूदा प्रॉपर्टी डीलर पर करीब 8 हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। हमलावरों ने कार में बैठे परिवार के सामने 5 से 6 राउंड गोलियां चलाईं और अमृतधारी युवक के सिर पर दातर व पिस्तौल के बट से जानलेवा हमला कर बेअदबी करते हुए उसके बाल काट दिए। पीड़ित ने सूझबूझ दिखाते हुए कार भगाकर अपनी व परिवार की जान बचाई और सीधे सिविल अस्पताल पहुंचा। मिल्लरगंज निवासी पीड़ित जगजोत सिंह ने बताया कि वह बुधवार देर रात अपनी बुजुर्ग मां मनजीत कौर और साढ़े 3 साल के बेटे के साथ ढोल्लेवाल स्थित ‘मैगी पॉइंट’ रेस्टोरेंट में खाना खाने गया था। तीनों कार के भीतर बैठकर ही खाना खा रहे थे। खाना खत्म करने के बाद जगजोत मासूम बेटे के लिए पानी की बोतल लेने और खाने के पैसे देने के लिए कार से नीचे उतरा। इसी दौरान इनोवा व स्कॉर्पियो गाड़ियों में आए 7 से 8 हथियारबंद बदमाश तेजी से उसकी तरफ दौड़े और आते ही सीधी फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने पहली दो गोलियां उस पर चलाईं, जिसमें वह बाल-बाल बचा और जान बचाने के लिए तुरंत कार के भीतर घुस गया। हमलावरों की गुंडागर्दी यहीं नहीं थमी।

बदमाशों ने कार को घेर लिया और खिड़की के बिल्कुल करीब आकर गाड़ी के अंदर 2 गोलियां दाग दीं। उस समय कार में जगजोत की मां और मासूम बेटा मौजूद थे। पीड़ित के अनुसार, जब उसने कार भगाने की कोशिश की तो हमलावरों ने उसकी दस्तार के ऊपर से दातर से ताबड़तोड़ वार किए और पिस्तौल के बट से उसका सिर फोड़ दिया। अमृतधारी जगजोत ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि हमलावरों ने बेरहमी की सारी हदें पार करते हुए उसके सिर में दातर फंसाकर जबरन उसके बाल काट दिए। हमले में जगजोत के सिर, पैर और आंख के पास छर्रे लगने से गंभीर घाव हुए हैं। बेटे को बचाने के लिए आगे आई मां मनजीत कौर के साथ भी हाथापाई की गई, जिससे उनके चेहरे पर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल जगजोत व उसकी मां के बयान दर्ज किए। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को जांच के दायरे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल और उसके आसपास लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पीड़ित द्वारा नामजद किए जा रहे संदिग्धों की भूमिका की जांच की जा रही है।












