
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। होशियारपुर के थाना हरियाणा के अधीन आने वाले धूत कलां गांव में एक पिता ने अपनी 17 साल की बेटी की कृपाण से हमला कर हत्या कर दी और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। मृतका की पहचान इंद्रप्रीत कौर के रूप में हुई है, जो धूत कलां के सरकारी स्कूल में 12वीं कक्षा की छात्रा थी।स्थानीय लोगों के अनुसार वह पढ़ाई में काफी होनहार थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पिता (जिसका नाम अमरजीत बताया जा रहा है) किसी बात को लेकर अपनी बेटी से नाराज रहता था। हालांकि, हत्या की असली और स्पष्ट वजह क्या थी, इसका खुलासा आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हो पाएगा। घटना की सूचना मिलते ही थाना हरियाणा की पुलिस और डीएसपी (देहाती) नरेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।












