
हिमाचल प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक शादी समारोह की खुशियां उस समय मातम में बदल गई जब आधी रात को घर लौट रहे दो सुरक्षाकर्मियों की कार भीषण हादसे का शिकार हो गई। सरकाघाट उपमंडल के अंतर्गत बलद्वाड़ा के समीप हटली थाना क्षेत्र में एक कार अनियंत्रित होकर पुल से नीचे खड्ड में जा गिरी। इस हादसे में होमगार्ड के एक जवान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सरकाघाट के डीएसपी के गनमैन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार डीएसपी सरकाघाट के चालक एवं गनमैन संजय कुमार अपनी निजी कार में सवार होकर होमगार्ड जवान जयपाल के साथ एक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनका वाहन हटली थाना क्षेत्र के तहत आने वाली जबोठी खड्ड के पुल के पास पहुंचा तो चालक अचानक कार से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे पुल से नीचे गहरी खड्ड में जा गिरी।

यह हादसा में कार में सवार भद्रवाड़ निवासी होमगार्ड जवान जयपाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार के मालिक और उसे चला रहे डीएसपी के गनमैन संजय कुमार इस दुर्घटना में गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के तुरंत बाद उन्हें स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन उनकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत एम्स बिलासपुर रैफर कर दिया है। बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए ये दोनों जवान सरकाघाट के ही एक चालक की बेटी के विवाह समारोह में शिरकत करने गए थे। समारोह से वापस लौटते समय यह अनहोनी घट गई। गंभीर रूप से घायल हुए गनमैन संजय कुमार मूल रूप से धर्मपुर क्षेत्र के स्याठी गांव के निवासी हैं। आधी रात को हुए इस भीषण हादसे की सूचना मिलते ही हटली थाना पुलिस की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और कार्यवाही जारी है।











